May 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शिक्षा ही सफलता की कुंजी: मंत्री लखन लाल देवांगन ने लमना में शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 03 जुलाई 2025। वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि शिक्षा हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसका कोई बंटवारा नहीं कर सकता। यह समाज और देश के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह सके।

मंत्री श्री देवांगन पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम लमना में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया, उन्हें पाठ्य सामग्री वितरित की और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होता है और एक बेहतर नागरिक के रूप में समाज को दिशा देता है।

मंत्री ने कोरबा जिले में शिक्षा के क्षेत्र में की जा रही पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए कोचिंग व्यवस्था, रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति, नाश्ते की व्यवस्था और भृत्यों की तैनाती की जा रही है। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी और ग्रामीणों से इनका लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने स्कूली छात्राओं को साइकिल वितरित कर बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित स्थानीय विधायक श्री तुलेश्वर मरकाम और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भी शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने का आग्रह किया।

 

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए नीट, जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, जर्जर स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण और विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। अतिथियों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.