अब इंदिरा स्टेडियम में गूंजेगी शिव महापुराण कथा, पं. प्रदीप मिश्रा जी के मुखारविंद से 12 से 18 जुलाई तक होगा अमृत वर्षा




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। सावन माह के पावन अवसर पर होने वाली श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन स्थल बदल दिया गया है। अत्यधिक वर्षा के कारण पूर्व निर्धारित स्थल खैर भावना कनबेरी मैदान तक वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कतों के चलते श्री महाकाल भक्त मंडल कोरबा ने आनन-फानन में यह निर्णय लिया। अब यह भव्य आयोजन कोरबा के हृदय स्थल इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगा।
शिव महापुराण कथा का आयोजन दिनांक 12 जुलाई 2025 से 18 जुलाई 2025 तक किया जाएगा। कथा प्रतिदिन पूर्व निर्धारित समयानुसार दोपहर 1:00 बजे से संध्या 4:00 बजे तक होगी। इस आध्यात्मिक महायज्ञ में पं. प्रदीप मिश्रा जी “सीहोर वाले” अपने मुखारविंद से शिव पुराण की अमृत वर्षा करेंगे।
श्री महाकाल भक्त मंडल कोरबा के सचिव राजेंद्र तारक ने बताया, “कथा की तैयारियां खैर भावना कनबेरी मैदान में चल रही थीं, लेकिन लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हमें प्रकृति के आगे नतमस्तक होना पड़ा। प्रशासन के सहयोग से अब इसे इंदिरा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।”
सचिव ने सभी शिव भक्तों व कथा प्रेमियों से अपील की है कि वे पूर्व की भांति ही समिति को सहयोग प्रदान करें और इस महायज्ञ को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। समिति ने आशा जताई है कि कोरबा के श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंचकर “हर हर महादेव” के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान करेंगे।


