शिक्षा का स्वागत, हरियाली का संकल्प: करतला में शाला प्रवेश उत्सव के साथ वितरित हुए 1000 पौधे”
1 min read


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। करतला विकासखंड में इस बार का शाला प्रवेश उत्सव सिर्फ नए सत्र का आगाज नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आया। जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष एवं स्थायी शिक्षा समिति के अध्यक्ष मनोज झा की पहल पर इस अवसर को हरियाली के उत्सव में बदल दिया गया।
मनोज झा ने अपने निजी प्रयासों से करतला ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों में अब तक 1000 से अधिक पौधे वितरित किए। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान हर विद्यालय में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां शिक्षक, छात्र और ग्रामीणजन बड़े उत्साह के साथ शामिल हुए।
“पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही उनकी देखभाल और सुरक्षा भी,” श्री झा ने उपस्थितजनों से अपील करते हुए कहा। उन्होंने विद्यालय परिवार से आग्रह किया कि हर पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करें, ताकि यह प्रयास केवल एक औपचारिकता न बनकर टिकाऊ पहल साबित हो।

श्री झा ने नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत में भी विशेष संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने अभिभावकों व शिक्षकों से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया, जिससे शासन द्वारा शिक्षा पर किए जा रहे निवेश का अधिकतम लाभ बच्चों को मिल सके।
हरियर ब्लॉक अभियान के तहत यह प्रयास करतला, रामपुर, बेहरचुवा, नावापारा, बोतली, नोनदरहा, तुमान, लबेद, सोहागपुर और कराई नारा सहित कई संकुल केंद्रों में व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। हर स्थान पर विद्यार्थियों के स्वागत के साथ पौधरोपण का संदेश गूंज रहा है।
यह पहल शिक्षा और पर्यावरण के संगम की एक मिसाल बन रही है, जो आने वाले समय में करतला क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का आधार बनेगी।









