August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“बालको क्षेत्र में नाले की समस्या से घरों में भरा पानी, महापौर के त्वरित हस्तक्षेप से मिली राहत; 10 साल कांग्रेस सरकार की अनदेखी का नतीजा”

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बालकोवार्ड क्रमांक 39, रिंग रोड बालको क्षेत्र में गुरुवार को हुई भारी बारिश ने नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी। नाले का पानी अवरुद्ध हो जाने के कारण आसपास की बस्तियों में पानी घरों के भीतर तक घुस गया। बालको प्लांट की दीवार ने जल निकासी के प्राकृतिक मार्ग को रोक दिया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। इस कारण कई परिवारों को रात भर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे कई बार बालको प्रबंधन और पूर्व सरकार के जिम्मेदारों को समस्या से अवगत कराते रहे, लेकिन वर्षों तक कोई समाधान नहीं किया गया। रहवासियों ने बताया कि हर बारिश में यही समस्या होती है, लेकिन पहले कभी कोई बड़ा अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं और उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम अधिकारियों, मंडल अध्यक्ष दिलेंद्र यादव तथा वार्ड पार्षदगण के साथ बैठक कर जलनिकासी के त्वरित उपाय किए। महापौर ने मौके पर पंपिंग सेट लगवाकर जलभराव के पानी को निकालने के निर्देश दिए। साथ ही, नाले की सफाई और बालको प्रबंधन के साथ समन्वय कर स्थायी समाधान की योजना बनाने को कहा।

  • महापौर का तीखा हमला:
    रहवासियों से संवाद करते हुए महापौर ने कहा, “यह स्थिति 10 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार की उपेक्षा का परिणाम है। इस क्षेत्र में नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था के नाम पर केवल भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी हुई। हमारी सरकार इन समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।”

मंडल अध्यक्ष दिलेंद्र यादव का बयान:
मंडल अध्यक्ष दिलेंद्र यादव ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “पिछली सरकार ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की कभी सुध नहीं ली। हर साल बारिश में लोगों की तकलीफें बढ़ती रहीं। आज महापौर के त्वरित हस्तक्षेप ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार जनहित के लिए कितनी संवेदनशील है।”

 

स्थानीय नागरिकों की प्रतिक्रिया:
रहवासी सीमा पटवा ने कहा, “पिछली सरकार में कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आज महापौर के आने और तुरंत कार्रवाई कराने से हमें राहत मिली है।”
यशोदा ने बताया, “घर में पानी घुस गया था, बच्चों को बहुत परेशानी हो रही थी। महापौर ने खुद आकर पानी निकलवाया, इसके लिए हम आभारी हैं।”
एक अन्य निवासी राकेश साहू ने कहा, “पहली बार कोई जनप्रतिनिधि हमारी बस्ती में आकर खुद हालात देख रहा है। हमें अब उम्मीद है कि भविष्य में यह समस्या स्थायी रूप से दूर होगी।”

 

स्थायी समाधान का आश्वासन:
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले की पूरी तरह से सफाई कराई जाए और जलनिकासी की ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि आने वाले वर्षों में इस समस्या का पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि बालको प्रबंधन को भी इस कार्य में सहयोग के लिए बाध्य किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि “भाजपा सरकार जनहित में कार्य कर रही है और किसी भी नागरिक को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।”

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.