March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शांति नगर में बारिश से जलभराव, महापौर ने संभाला मोर्चा; पार्षद और मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति में निकासी कार्य शुरू

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/   बालकों। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शांति नगर, वार्ड क्रमांक 39 में हालात बिगाड़ दिए। प्लांट क्षेत्र की सीमांकन दीवार के कारण नाले का प्रवाह अवरुद्ध हो गया, जिससे बस्ती में पानी भरकर घरों और गलियों में घुस गया। देखते ही देखते पूरी बस्ती जलमग्न हो गई और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता की जानकारी मिलते ही महापौर ने सक्रियता दिखाई और बिना समय गंवाए खुद मौके पर पहुंचीं। तेज बारिश के बीच भी महापौर ने हालात का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव से घिरे हुए घरों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और निगम अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। महापौर की उपस्थिति और दृढ़ता से अधिकारियों और कर्मचारियों में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ।

 

महापौर ने जेसीबी मशीनों की मदद से नाले की सफाई कर अवरुद्ध मार्ग को खोलने का आदेश दिया। उन्होंने अतिरिक्त सफाईकर्मियों को तैनात कर प्रभावित इलाकों से पानी निकालने के लिए राहत दल तैयार करवाया। इस पूरे समय महापौर खुद बारिश के बीच डटी रहीं और हर राहत कार्य की निगरानी करती रहीं। उन्होंने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि नागरिकों की परेशानी को हर हाल में प्राथमिकता पर हल किया जाए।

इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद और मंडल अध्यक्ष भी महापौर के साथ पूरे समय मौजूद रहे और राहत कार्यों में सहयोग किया। महापौर ने जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त संसाधन और मशीनरी की व्यवस्था कराई ताकि जलनिकासी में तेजी लाई जा सके।

स्थानीय रहवासियों ने महापौर के इस जुझारू नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी जिस प्रकार से मोर्चा संभाला और हर छोटे-बड़े कार्य का स्वयं निरीक्षण किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में योजना तैयार की जाए।

नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था और नालों की नियमित सफाई कर आने वाले समय में ऐसी समस्याओं से निजात दिलाई जाएगी। महापौर की तत्परता और बारिश के बीच भी उनकी मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि नगर निगम नागरिकों की हर आपदा में पूरी तरह सजग और जिम्मेदार है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.