कटघोरा नगर पालिका की अव्यवस्थाओं के खिलाफ भाजपाइयों का मोर्चा, मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने सौंपा ज्ञापन




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कटघोरा। भारतीय जनता पार्टी के कटघोरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने नगर पालिका परिषद कटघोरा में फैली अव्यवस्थाओं, मनमानी और गैरजिम्मेदाराना कार्यशैली को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इन मुद्दों को लेकर नगर पालिका अधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका के संचालन में पारदर्शिता की कमी और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी खामियों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया।

जन योजनाओं की अनदेखी का आरोप
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं नगर पालिका परिषद के माध्यम से संचालित की जाती हैं, किंतु कटघोरा नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी इन योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं। अधिकारियों की मनमानी और जिम्मेदारी से पलायन की प्रवृत्ति के चलते आम जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।

बेतरतीब निर्माण कार्य और भ्रष्टाचार के आरोप
मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने नगर की दुर्व्यवस्था को लेकर कहा कि नगर में स्वच्छ पेयजल, पथ प्रकाश, सड़क, सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं। निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है और शासन के नियमों की खुलेआम अवहेलना की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में जानबूझकर कम लागत दिखाकर अधिक भुगतान दर्शाया जा रहा है, जिससे शासन की राशि का दुरुपयोग हो रहा है।
निजी कार्यों में शासकीय कर्मचारियों की तैनाती
ज्ञापन में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि नगर निकाय के शासकीय कर्मचारियों का उपयोग अधिकारी अपने निजी कार्यों में कर रहे हैं। इससे प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंच रहा है और नागरिकों के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। मजदूरों की भारी कमी के बावजूद प्रभावशाली लोग शासकीय संसाधनों का अपने निजी लाभ के लिए उपयोग कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार पर लगाम और व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग
अभिषेक गर्ग ने मांग की है कि नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और अधिकारियों की लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई हो। शासन की मंशा के अनुरूप नगर पालिका की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाकर जनहित को सर्वोपरि रखा जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता को मिल सके।
जन आंदोलन की चेतावनी
अंत में अभिषेक गर्ग ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो भारतीय जनता पार्टी जनहित में आंदोलन की राह पर चलेगी। जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेगी।


