फत्तेगंज में शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नवप्रवेशी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फत्तेगंज में दिनांक 30 जून 2025, सोमवार को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थायी शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री मनोज झा ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत करतला अध्यक्ष अशोक कंवर, जनपद सदस्य निरुपमा पाटले, विश्राम सिंह, सरपंच शंभू टेकाम, सरपंच भीम सिंह (चिकनीपाली), विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे, बीआरसी अजय तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत सदस्य, शिक्षकगण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना कर की गई। इसके उपरांत विद्यालय परिवार द्वारा सभी आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत उपरांत मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों द्वारा नवप्रवेशी बच्चों को पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

अपने संबोधन में जनपद उपाध्यक्ष श्री मनोज झा ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा को जीवन की सफलता की कुंजी मानने की प्रेरणा दी। जनपद अध्यक्ष अशोक कंवर ने भी विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. पवन सिंह ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव सिर्फ एक औपचारिकता नहीं बल्कि शिक्षा की ओर पहला कदम है। उन्होंने कहा, “शिक्षा जीवन का आधार है जो न केवल ज्ञान देती है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास के लिए भी आवश्यक है। यह दिन बच्चों के जीवन में शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत करता है।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत साइकिल वितरण किया गया। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे द्वारा समस्त अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।
अंत में पर्यावरण संरक्षण की पहल के तहत विद्यालय परिसर में सभी अतिथियों एवं स्कूल स्टाफ द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का वृक्षारोपण किया गया, जिससे कार्यक्रम एक सामाजिक संदेश के साथ संपन्न हुआ।


