“आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था, कांग्रेस ने किया सत्ता का दुरुपयोग” — सरोज पांडेय



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर के दाऊ अग्रसेन भवन, पुरानी बस्ती में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नीतियों और निर्णयों पर तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की गईं।

इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत, मीसाबंदी संघ अध्यक्ष दिवाकर तिवारी, भाजपा मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुश्री सरोज पांडेय ने कहा कि 25 जून 1975 की मध्य रात्रि को इंदिरा गांधी ने आपातकाल लागू कर दिया था, जबकि इसकी कोई संवैधानिक आवश्यकता नहीं थी। दरअसल, उस समय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ता, क्योंकि उनके खिलाफ कोर्ट का फैसला आया था। परंतु सत्ता बचाने की लालसा में उन्होंने देश में आपातकाल थोप दिया।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान सत्ता का खुला दुरुपयोग किया गया। संविधान में मनमाने तरीके से संशोधन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था का गला घोंटा गया। 1 लाख से ज्यादा लोगों को जेल में डाल दिया गया, जिनमें विपक्षी दलों के नेता और सामान्य नागरिक भी शामिल थे। जबरन नसबंदी कराई गई और जेलों में अमानवीय यातनाएं दी गईं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता में आने के बाद मीसाबंदियों को सम्मान दिया, जिन्हें कांग्रेस ने अपमानित किया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि मॉक संसद का आयोजन अत्यंत अनुकरणीय रहा। उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था, जिसे नई पीढ़ी को जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र पर कुठाराघात किया, और सत्ता को बनाए रखने के लिए सरकारी तंत्र, मीडिया और चुनावी प्रक्रिया का दुरुपयोग किया।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में देश ने अंधकार और असहिष्णुता का दौर देखा, जबकि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंचों पर सम्मान पाया है और तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में आपातकाल पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया गया। संचालन ममता साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी शालिनी राजपूत, विभा अवस्थी, चंपा देवी पावले, ममता साहू, अलका चंद्राकर, शीतल नायक, मायाबेल चंदन, सुषमा खलको, हेमलता शर्मा, किरण मरकाम, किरण बघेल, मिनी पांडेय, आयुषी पांडे, शीलू साहू, निशा चौबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।



