March 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“कोरबा चेम्बर चुनाव में ‘भयमुक्त व्यापार’ का एजेंडा लेकर उतरे गजानन्द अग्रवाल – व्यापारियों से मिल रहा भरपूर समर्थन”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। कोरबा चेम्बर ऑफ कॉमर्स के 2025-27 कार्यकाल के लिए होने वाले चुनाव को लेकर जिले के व्यापारिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी मैदान में अध्यक्ष पद के सशक्त दावेदार गजानन्द अग्रवाल (गज्जू महुआ वाला) अपने पैनल के साथ सक्रिय रूप से प्रचार में जुट गए हैं। उनके साथ सुभाष कुमार केडिया (महामंत्री पद) और विशाल सचदेव (कोषाध्यक्ष पद) के लिए उम्मीदवार हैं, जिन्हें व्यापारियों का लगातार समर्थन मिल रहा है।

गजानन्द अग्रवाल एवं उनके पैनल ने चुनाव को लेकर “भयमुक्त व्यापार, सक्रिय चेम्बर” का नारा देते हुए व्यापारियों के बीच जनसंपर्क शुरू कर दिया है। वे व्यापारियों को विश्वास दिला रहे हैं कि चेम्बर को एक बार फिर ऊर्जावान, पारदर्शी और सहभागी मंच के रूप में पुनर्जीवित किया जाएगा।

गजानन्द अग्रवाल ने कहा कि कोरबा जिले के व्यापारियों का उन्हें हमेशा समर्थन और आशीर्वाद मिलता रहा है। वे दर्री रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष के रूप में तीसरे कार्यकाल में सेवाएं दे रहे हैं, साथ ही पूर्व में कोरबा चेम्बर के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। यह अनुभव उन्हें एक सक्षम नेतृत्वकर्ता बनाता है।

उन्होंने कहा कि चेम्बर के सभी सुधि मतदाता अब बदलाव की ओर देख रहे हैं और वह समय आ गया है जब व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त, अनुभवी और समर्पित टीम का नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने पैनल में सुभाष केडिया जैसे अनुभवी महामंत्री प्रत्याशी और विशाल सचदेव जैसे कुशल कोषाध्यक्ष को शामिल किया है।

गजानन्द अग्रवाल ने जानकारी दी कि उनकी टीम प्रत्येक व्यापारी तक पहुंच कर उनकी समस्याएं समझ रही है और उनके सुझावों के आधार पर भावी योजना तैयार की जा रही है। चेम्बर को फिर से व्यापारियों के लिए सुलभ, सशक्त और समर्थ मंच बनाने की दिशा में उनके प्रयास लगातार जारी हैं।

अंत में उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे उनके पैनल को समर्थन देकर सेवा का एक और अवसर प्रदान करें ताकि कोरबा चेम्बर को एक नई ऊर्जा, दिशा और पहचान दी जा सके।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.