पुष्य नक्षत्र पर स्वर्ण प्राशन से बच्चों को मिला आयुर्वेदिक टीकाकरण – रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ कार्यक्रम संपन्न”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ (कोरबा)। “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के अंतर्गत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में “बच्चे रहें स्वस्थ” योजना के अंतर्गत पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 27 जून 2025, शुक्रवार को पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रसिद्ध नाड़ी वैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा द्वारा बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार के माध्यम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की आयुर्वेदिक विधि अपनाई गई। उन्होंने बताया कि यह औषधीय योग — शुद्ध स्वर्ण भस्म, शहद, गोघृत, ब्राह्मी, वचा, गिलोय, अश्वगंधा, शंखपुष्पी आदि जड़ी-बूटियों से निर्मित है — बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनकी स्मरण शक्ति, रचनात्मकता व मानसिक संतुलन को भी सुदृढ़ करता है।
डॉ. शर्मा ने यह भी कहा कि पुष्य नक्षत्र में दिया गया स्वर्ण प्राशन अमृततुल्य प्रभाव देता है, जिससे बच्चों की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और उनके बौद्धिक एवं क्रियात्मक विकास में सुधार होता है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण के साथ-साथ उचित आहार-विहार और योग प्राणायाम की जानकारी भी दी गई। योग प्रशिक्षक राजकुमार पटेल, रूबी हथथेल, कमला कुंभकार व अन्य प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों को दैनिक दिनचर्या में अपनाने योग्य आयुर्वेदिक पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट से संरक्षक लायन सुधीर जैन, अध्यक्ष लायन शिव जायसवाल, कोषाध्यक्ष लायन गजेंद्र राठौड़, सदस्य लायन प्रत्युष हनी सक्सेना, लायन नेत्रनंदन साहू, लायन अश्विनी बुनकर, लायन कमल धारीया, योग शिक्षिका देवबलि कुंभकार, राकेश इस्पात, सिद्धराम साहनी एवं श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराकर आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों की सहभागिता रही, जिन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के इस प्रयास की सराहना की।


