ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा चुईया का मॉडल हाट बाजार, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक ने किया शुभारंभ




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ ग्राम चुईया में अब ग्रामीणों को सुसज्जित और सुव्यवस्थित हाट बाजार की सुविधा मिलेगी। नाबार्ड के सहयोग से ग्राम पंचायत चुईया के अजगरबहार मुख्य सड़क किनारे निर्मित मॉडल ग्रामीण हाट बाजार का लोकार्पण नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. ज्ञानेन्द्र मणी ने किया। इस अवसर पर जिला विकास प्रबंधक संजीव प्रधान, सहायक प्रबंधक दिवाकर, बालको सीएसआर प्रमुख शुभाशीष दास, जनपद सदस्य गायत्री कंवर तथा जलग्रहण विकास समिति के सदस्य डिक्सन मसीह विशेष रूप से उपस्थित थे।
डॉ. मणी ने शिलालेख का अनावरण कर तथा फीता काटकर बाजार का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत को बाजार की चाबी सौंपते हुए कहा कि ग्रामीण हाट बाजार ग्राम स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति देने का एक सशक्त माध्यम है। इससे न केवल स्थानीय व्यापारियों को लाभ होगा, बल्कि पंचायत को कर संग्रहण के माध्यम से अतिरिक्त आय भी होगी, जिसका उपयोग गांव के विकास में किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि बाजार के शेड को आजीविका आधारित गतिविधियों से जोड़ा जाए और सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘महिला बाजार’ आयोजित किया जाए, जिससे महिलाओं को भी आर्थिक अवसर प्राप्त हों। साथ ही बाजार में पेयजल, शौचालय, कचरा प्रबंधन (कूड़ेदान) जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं।
जिला विकास प्रबंधक संजीव प्रधान ने कहा कि चुईया गांव में पहले से बाजार लगता रहा है, परंतु आवश्यक बुनियादी ढांचे की कमी थी। नाबार्ड ने ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस मॉडल हाट बाजार का निर्माण कराया है, जिससे स्थानीय व्यवसाय को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मुख्य महाप्रबंधक और अन्य अतिथियों द्वारा हाट बाजार परिसर में 50 पौधे भी रोपे गए।
यह मॉडल हाट बाजार न केवल ग्रामीणों के लिए व्यापारिक अवसर प्रदान करेगा, बल्कि यह क्षेत्र की सतत आर्थिक उन्नति की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।


