डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विधायक अटामी बोले – उनके विचारों को साकार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल ****/ दंतेवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोमवार को जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा जिला कार्यालय चितालंका में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी सहित अनेक पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जो हमारे महापुरुषों की तपस्या और बलिदान का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों और विचारों को जीवन में अपनाकर ही हम उनके सपनों के भारत को साकार कर सकते हैं।


भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि जिस तरह लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया, उसी प्रकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अखंड भारत के संकल्प को अपने जीवन का लक्ष्य बनाकर कार्य किया। उन्होंने राजनीति को राष्ट्रसेवा का माध्यम माना और स्वयं निष्कलंक, अनुशासित जीवन जीकर आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि आज भाजपा उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्रहित में कार्य कर रही है।
इस आयोजन की जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष दंतेवाड़ा जय भंसाली ने मीडिया को दी। कार्यक्रम में मंडल, जिला व अन्य संगठन इकाइयों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


