May 5, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सक्षम स्थापना दिवस पर कोरबा में भव्य आयोजन, दिव्यांगजनों की सेवा को बताया गया सर्वोच्च सेवा

कोरबा, 20 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  सक्षम – समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल की कोरबा जिला इकाई द्वारा संवेदना ब्लड बैंक, निहारिका में सक्षम स्थापना दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्री बी.डी. शर्मा (प्रदेश मीडिया प्रभारी) एवं अन्य अतिथियों द्वारा भारत माता एवं अष्टावक्र जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना और संगठन मंत्र के सामूहिक वाचन से हुई।

सक्षम जिला संयोजक श्री लोकनाथ सेन ने उपस्थितजनों को संगठन की स्थापना, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सक्षम का गठन 20 जून 2008 को हुआ था और यह दिव्यांगता के सभी 21 प्रकारों पर काम करने वाला राष्ट्रीय संगठन है। संगठन सात प्रकोष्ठों – धीमही, चेतना, दृष्टि, प्रणव, चरैवेति, सविता, प्राणदा के माध्यम से सेवाएं देता है। महिला, युवा, कला, खेल, रोजगार, अनुसंधान और एडवोकेसी जैसे सात आयामों में काम कर दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग मित्र योजना, सदस्यता अभियान और 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना पर प्रकाश डाला गया। शा. पू. मा. शा. अमलडीहा में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में कुल 38 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें नेहा कश्यप (प्रथम), हेमा (द्वितीय) एवं नीतू चौहान (तृतीय) स्थान पर रहीं, जिन्हें सम्मानित किया गया।

संवेदना ब्लड बैंक संचालिका श्रीमती ज्योति श्रीवास ने सिकलसेल, थैलेसीमिया और हीमोफिलिया जैसे रक्तविकारों की जानकारी दी।
नेत्र विशेषज्ञ डॉ. वीणा अग्रवाल ने दृष्टिबाधित दिव्यांगता और नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को स्पष्ट किया।
शिक्षक श्री ज्ञानदास महंत और श्रीमती रोमा कूजूर ने जमीनी स्तर की चुनौतियों और सामाजिक भ्रांतियों की जानकारी साझा की।

विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री श्री राजनारायण गुप्ता ने कहा कि सक्षम एक श्रेष्ठ उद्देश्य के साथ कार्य कर रहा है, जो समाज के लिए अनुकरणीय है।
मुख्य अतिथि श्री बी.डी. शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है और दिव्यांगजनों की सेवा सर्वोच्च सेवा है।” उन्होंने सक्षम के माध्यम से आगे और भी अधिक दिव्यांग हितैषी कार्य करने की बात कही और सबको संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में दिव्यांगजन हित में सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जैसे:

तहसील स्तर पर समिति गठन

दिव्यांग विद्यालयों से समन्वय

सरकारी कार्यालयों में विशेष काउंटर

दिव्यांग योजनाओं की व्यापक जानकारी

रोजगार में 10% अधिक वेतन की मांग आदि।

इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई, जिसमें —

संरक्षक: डॉ. वीणा अग्रवाल

अध्यक्ष: श्रीमती ज्योति श्रीवास

उपाध्यक्ष: श्रीमती वीणा राही

सचिव: श्री लोकनाथ सेन

सह सचिव: श्री ज्ञानदास महंत

कोषाध्यक्ष: श्री मेशराम पटेल

मीडिया प्रभारी: श्री राजेन्द्र श्रीवास शामिल हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. वीणा अग्रवाल, श्रीमती ज्योति श्रीवास, श्रीमती रोमा कूजूर और श्री ज्ञानदास महंत को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अंत में जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति श्रीवास ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया और जिला सचिव द्वारा कल्याण मंत्र का पाठ कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

यह आयोजन दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम सिद्ध हुआ।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.