“कोसाबाड़ी मंडल में ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के अंतर्गत भाजपा ने जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, लाभार्थियों ने जताया आभार”




कोरबा, 20 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के अमृतकाल को समर्पित “संकल्प से सिद्धि” अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी कोसाबाड़ी मंडल द्वारा घर-घर संपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाई गई।
इस अभियान में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित परिवारों के घर पहुँचकर उनसे प्रत्यक्ष संवाद किया और उनके अनुभवों को साझा किया। लाभार्थियों ने पक्के मकान की सुविधा, खाद्यान्न वितरण, 33% महिला आरक्षण, नल-जल योजना, महतारी वंदना योजना, नोनी-बाबू मेधावी छात्रवृत्ति योजना, जन धन खाता, वय वंदना पेंशन योजना जैसे अनेक योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री माननीय विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम का आयोजन संकल्प से सिद्धि जिला सह-संयोजिका श्रीमती मंजू सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, महामंत्री श्रीमती सुमन सोनी, श्रीमती राखी तिवारी, श्री अर्जुन गुप्ता, श्री बुधेंद्र राजवाड़े सहित मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर शिवाजी नगर एवं आर.पी. नगर क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जिसमें योजनाओं के सूचनात्मक पत्रक घर-घर वितरित किए गए। कार्यकर्ताओं ने आमजन को बताया कि कैसे ये योजनाएं सीधे उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने में सहायक हो रही हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसमूह से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। इस अभियान के माध्यम से भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया।
“हर घर पहुंचे योजना की बात – मोदी सरकार आपके साथ!” 🇮🇳


