March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“विश्व सिकलिंग जागरूकता दिवस पर कोरबा में वृहद रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर, 25 यूनिट रक्तदान कर दिया जनसेवा का संदेश”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  विश्व सिकलिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर 19 जून 2025 को कोरबा में मॉर्निंग क्रिकेट क्लब, आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रक्तदान एवं निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पतंजलि चिकित्सालय, महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका रोड स्थित परिसर में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ आरोग्य के देवता भगवान धनवंतरी और भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर में कुल 25 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसमें मॉर्निंग क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों, चिकित्सकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर में डॉ. दीपक राज ने रक्त की कमी के प्रमुख कारण के रूप में जागरूकता के अभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। डॉ. नागेंद्र शर्मा ने रक्तदान को न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी लाभदायक बताते हुए कहा कि रक्तदान से हृदयाघात की संभावना कम होती है और मानसिक संतुष्टि भी प्राप्त होती है।

विशेष रूप से, सिकल सेल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को सिकलिंग रोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सिकलिंग काढ़ा वितरित किया और सिकलिंग कुंडली मिलान द्वारा विवाह की सलाह दी जिससे इस आनुवंशिक रोग की अगली पीढ़ी में संभावना न्यूनतम हो।

शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर की जांच की गई और आवश्यकता अनुसार निशुल्क दवाइयां भी दी गईं। चिकित्सा सेवा प्रदान करने वाले प्रमुख चिकित्सकों में डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. बंसीधर नायक, डॉ. स्वर्णसिंह चंद्रा, डॉ. नागेंद्र शर्मा एवं डॉ. प्रदीप देवांगन शामिल रहे।

उल्लेखनीय प्रतिभागी: मॉर्निंग क्रिकेट क्लब के संरक्षक डॉ. दीपक राज के साथ खिलाड़ी सदस्य सीताराम पटेल, बलराम सोनी, मित्रेश शर्मा, रवि शर्मा, शिवम सहाय चौहान, सूरज दास महंत, अमित वर्मा आदि सक्रिय रहे। इसके साथ ही संतोष अग्रवाल, फिरोज मेमन, लायन नेत्रनंदन साहू, लायन अश्विनी बुनकर, आकाश शाहनी, देवबली कुंभकार, उर्मिला बरेठ, ओमश्वरी नायक सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, चिकित्सक एवं नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर के सफल संचालन में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष लायन शिव जायसवाल, संरक्षक लायन सुधीर सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन गजेंद्र राठौर, श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, डॉ. मोनिका पटेल, डॉ. आकांक्षा पाल, हर्ष नारायण शर्मा, गायत्री सिंह, अरुण कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सभी रक्तदाताओं को स्व. बिसाहू दास महंत मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की ओर से ब्लड डोनेशन सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं आयोजकों ने नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान कर समाज सेवा में भागीदारी निभाने की अपील की, जिससे ब्लड बैंकों में रक्त की कमी न हो और ज़रूरतमंदों की समय पर मदद की जा सके।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.