“21 जून को कोरबा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का ऐतिहासिक आयोजन, भाजपा की प्रेसवार्ता में प्रस्तुत हुई तैयारियों की रूपरेखा”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर 21 जून को पूरी दुनिया के 190 देशों में एक लाख से अधिक स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” निर्धारित की गई है, जो न केवल वैश्विक स्वास्थ्य की भावना को उजागर करती है, बल्कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को विश्व मंच पर पुनर्स्थापित करने का संकेत भी देती है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में योग दिवस को लेकर व्यापक आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।


प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ राज्य के श्रम एवं उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल, भाजयुमो महामंत्री एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैशाली रत्नपारखी, पूर्व पार्षदगण ऋतु चौरसिया एवं ज्योति वर्मा, नरेंद्र पाटनवार, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमती हर्षिता पांडेय ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है। भारत ऋषियों की भूमि है और योग हमारी धरोहर, जो आज विश्व की विरासत बन चुकी है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा, मन और शरीर के बीच संतुलन का माध्यम है। यह एकता, संयम और जीवन की शुद्धता का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि कोरबा से उनका आत्मीय और पारिवारिक जुड़ाव रहा है। “कोरबा में आना मेरे लिए केवल एक राजनैतिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक अनुभव होता है। मुझे विश्वास है कि इस बार का योग दिवस कोरबा में एक नया इतिहास रचेगा।”
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “2014 से अब तक मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने न केवल वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, बल्कि योग जैसी प्राचीन परंपरा को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप आज दुनिया के 195 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में इस बार भाजपा द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर कन्वेंशन सेंटर सहित जिला व मंडल स्तर पर सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “प्राचीन समय में जब आधुनिक चिकित्सा विज्ञान नहीं था, तब योग और आयुर्वेद ही जीवन रक्षा के माध्यम थे। अगर हर नागरिक योग को अपने जीवन में उतार ले, तो भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना कठिन नहीं होगा।”
इस प्रेसवार्ता में 2014 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए गए ऐतिहासिक भाषण का भी उल्लेख हुआ, जिसमें उन्होंने योग को मन और शरीर, विचार और क्रिया, संयम और संतुलन का समन्वय बताया था। केवल 75 दिनों में 177 देशों के समर्थन से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिलना भारत की कूटनीतिक और सांस्कृतिक शक्ति का उदाहरण बना।
भाजपा ने जिलेभर में व्यापक स्तर पर योग दिवस को सफल बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी पदाधिकारियों द्वारा जन जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा नागरिक इस आयोजन का हिस्सा बनें और योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
“योग हमारी धरोहर है, और यह विश्व की अमूल्य विरासत बन चुका है” — इसी मूल भावना के साथ कोरबा 21 जून को एक और ऐतिहासिक आयोजन की ओर अग्रसर है।


