August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

तुर्की के पाकिस्तान समर्थन पर प्रांतीय अग्रवाल संगठन ने जताया आक्रोश, रद्द की तुर्की यात्रा; अब वियतनाम जाएंगे समाज के सदस्य

1 min read

रायपुर, 19 जून 2025 |
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/   छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन ने तुर्की द्वारा पाकिस्तान के समर्थन पर कड़ा विरोध जताते हुए अपनी प्रस्तावित तुर्की यात्रा को रद्द कर दिया है। संगठन के प्रांतीय चेयरमेन अशोक मोदी ने बताया कि समाज के लगभग 150 सदस्यों का एक दल 24 अक्टूबर 2025 को तुर्की की यात्रा पर जाने के लिए पूरी तरह तैयार था, किंतु हाल ही में भारत-पाकिस्तान युद्ध में तुर्की द्वारा पाकिस्तान का खुला समर्थन करने के कारण संगठन ने यह यात्रा तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया।

श्री मोदी ने बताया कि तुर्की के इस कदम से पूरे देश की जनता आहत है, क्योंकि भयंकर भूकंप के समय भारत ने सबसे पहले मानवीय सहायता भेजकर तुर्की की मदद की थी। इसके बावजूद तुर्की ने युद्ध की स्थिति में भारत के विरुद्ध जाकर पाकिस्तान का साथ देकर हमारे विश्वास को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि “जिस देश ने मुश्किल समय में तुर्की की मदद की, उसी देश के खिलाफ तुर्की ने षड्यंत्र कर पीठ में छुरा घोंपा है। यह व्यवहार निंदनीय है और भारतवासी इसे कभी नहीं भूल सकते।”

प्रांतीय अग्रवाल संगठन के इस निर्णय को समाज के सभी सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। सभी ने एकमत होकर कहा कि इस परिस्थिति में तुर्की की यात्रा करना उचित नहीं होगा और तुर्की के पर्यटन को किसी भी प्रकार का बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। संगठन ने अब तुर्की की जगह वियतनाम की यात्रा करने का निर्णय लिया है।

अग्रवाल समाज की राष्ट्रभक्ति पर जोर देते हुए अशोक मोदी ने कहा, “अग्र समाज सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखता है। देश की आर्थिक संरचना को मजबूत करने में अग्र समाज की अहम भूमिका है। हमारा समाज देश को सर्वाधिक राजस्व देने वाला समुदाय है, और हम हर परिस्थिति में सरकार के साथ खड़े हैं।”

इस निर्णय से यह संदेश गया है कि जब बात राष्ट्रहित की हो, तब सामाजिक और सांस्कृतिक प्राथमिकताएं भी पीछे रह जाती हैं। अग्रवाल समाज के इस रुख को राज्यभर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी सराहा है और इसे राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक बताया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.