“धरती आबा ग्राम उत्कर्ष शिविर : पोता पानी में योजनाओं का त्वरित लाभ, ग्रामीणों में दिखा उत्साह”




पाली, पालीताणा खार विधानसभा।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ विकासखंड पाली के पोता पानी क्लस्टर में “धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना” के तहत एक दिवसीय जनसेवा शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में डूमरकछार, मकनपुर, बनबधा, पोता पानी और अलगी डाड पंचायतों के सहयोग से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ प्रदान किया गया।

शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने कहा कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना का उद्देश्य है – ग्रामीण अंचलों में शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता के साथ मौके पर ही उपलब्ध कराना, जिससे आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस विशेष शिविर में जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, मातृत्व वंदना योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना जैसे अनेक दस्तावेज व योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर, एक ही दिन में प्रदान की गईं। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए, जिनका अधिकारियों ने तत्काल परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति की।
शिविर की सफलता में सरपंच-सचिव, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी और युवा कार्यकर्ताओं की अहम भागीदारी रही। जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति और समन्वय के कारण कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थित रहा।

जिला प्रशासन द्वारा ऐसी पहल को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंच सके। ग्रामीणों ने इस शिविर को उपयोगी बताया और कहा कि इससे उन्हें समय और संसाधनों की बचत हुई है। आयोजन ने ग्रामवासियों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का भाव उत्पन्न किया।


