बालको ने तकनीक और प्रशिक्षण से रचा सुरक्षित कार्यस्थल का नया मॉडल, एआई-सुरक्षा तंत्र से बढ़ाया कार्यस्थल का भरोसा




बालकोनगर, 16 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सुरक्षित और दक्ष कार्यस्थल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तकनीकी नवाचार, प्रशिक्षण, जागरूकता और डिजिटल समाधान के संयोजन से कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को अभूतपूर्व स्तर तक सुदृढ़ किया है। कंपनी ने न केवल डिजिटलीकरण के ज़रिए जोखिमों की सटीक पहचान और त्वरित प्रबंधन को सुनिश्चित किया है, बल्कि कर्मचारियों व परिवहन भागीदारों में सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को भी दृढ़ता से विकसित किया है।

डिजिटल सुरक्षा तंत्र से ‘शून्य हानि दर्शन’ की ओर अग्रसर
बालको की सुरक्षा संस्कृति अब केवल परंपरागत उपायों तक सीमित नहीं है। संयंत्र परिसर में मासिक सुरक्षा चर्चाओं और जागरूकता अभियानों के अलावा अब एआई-संचालित निगरानी प्रणाली, डिजिटल डिस्प्ले, रीयल टाइम डैशबोर्ड और ऑटोमैटिक ट्रैकिंग जैसे अत्याधुनिक उपकरण कार्यस्थल को सतत निगरानी में रखते हैं। ये तकनीकें जोखिम की पहचान, समय पर चेतावनी और सुरक्षा नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करती हैं, जिससे बालको के “शून्य-हानि दर्शन” को बल मिलता है।

कर्मचारियों और ट्रांसपोर्ट भागीदारों को मिला प्रशिक्षण का कवच
कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण सत्र और सेमिनार नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से संयंत्र परिसर में कार्यरत ट्रांसपोर्ट भागीदारों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र आयोजित किया गया जिसमें कोयला और ऐश परिवहन में संलग्न 50 से अधिक ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों ने भाग लिया। उन्हें सड़क पर सुरक्षा से संबंधित बारीकियों से अवगत कराया गया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की प्रेरणा दी गई।
आईएसओ 39001 आरटीएस और इन्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन से बेहतर सुरक्षा ढांचा
बालको ने रोड ट्रैफिक सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (ISO 39001 RTS) की भी शुरुआत की है, जिससे परिवहन सुरक्षा को संगठन के हर स्तर पर लागू किया जा सके। इस अभियान के तहत सड़क जोखिमों की पहचान, कानूनी नियमों का पालन और सर्वोत्तम सुरक्षा व्यवहारों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
साथ ही, संभावित घटनाओं की गहराई से जांच के लिए “इंसिडेंट इन्वेस्टिगेशन ट्रेनिंग” आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों को दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान, प्रभावी निवारक उपायों की योजना और घटनाओं की सही ढंग से जांच करने का प्रशिक्षण दिया गया। यह कदम जोखिमों को न्यूनतम करने और सुरक्षा के प्रति एक सतर्क कार्यसंस्कृति को जन्म देने में अहम है।
एआर/वीआर से लैस प्रशिक्षण, कास्ट हाउस से पॉटलाइन तक डिजिटल नियंत्रण
बालको ने पॉटलाइन जैसे उच्च जोखिम वाले कार्यस्थलों में एआर/वीआर आधारित प्रशिक्षण प्रारंभ किया है, जहां कर्मचारी एक नियंत्रित और सुरक्षित वातावरण में कठिन कार्यों के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। वहीं, कास्ट हाउस और मटेरियल मूवमेंट कार्य अब रीयल-टाइम डैशबोर्ड, ऑटोमैटिक ट्रैकिंग सिस्टम और डिजिटल इन्वेंट्री प्रक्रिया से अधिक पारदर्शी, कुशल और सुरक्षित हो गए हैं।
फर्नेस और कन्वेयर बेल्ट में एआई का एकीकृत उपयोग
कंपनी के 1200 मेगावाट के पॉवर प्लांट में एआई आधारित कन्वेयर बेल्ट मॉनिटरिंग सिस्टम ने सुरक्षा की एक नई मिसाल कायम की है। यह प्रणाली कन्वेयर की स्थिति की निगरानी, अग्नि अलर्ट और ऑपरेशनल बेल्ट के आसपास मानव उपस्थिति का पता लगाने में सक्षम है। इसी तरह, फर्नेस में रोबोट-आधारित संरचनात्मक जांच से एनोड की गुणवत्ता में सुधार और संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
‘फ्यूचर मेटल’ एल्यूमिनियम के उत्पादन में डेटा आधारित सुरक्षा प्रबंधन
एल्यूमिनियम को ‘भविष्य की धातु’ माना जा रहा है, और बालको ने इसके उत्पादन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 62 प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण किया है। इससे मैनुअल कार्यों में कमी आई है और रियल-टाइम डेटा के आधार पर निर्णय लेने की क्षमता में सुधार हुआ है। इस प्रणाली ने मानव और मशीन के बीच संतुलन स्थापित कर कार्यस्थल के तनाव और त्रुटियों को भी कम किया है।
सुरक्षा, स्थायित्व और संचालन उत्कृष्टता का समन्वय
बालको का यह समग्र दृष्टिकोण दर्शाता है कि कैसे तकनीकी नवाचार, मानव संसाधन विकास और प्रक्रिया प्रबंधन को एकीकृत कर एक सुरक्षित, टिकाऊ और उत्कृष्ट औद्योगिक वातावरण तैयार किया जा सकता है। कंपनी की प्रतिबद्धता न केवल अपने कर्मचारियों की भलाई तक सीमित है, बल्कि यह संपूर्ण औद्योगिक समुदाय को एक नई दिशा और उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।


