March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

एनकेएम एलपीएस खरहरकुड़ा का 9वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से संपन्न: अभिनेता असरानी बोले – शिक्षा से ही जीवन होता है सफल और सार्थक

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा/मड़वारानी।****/ जिले के मड़वारानी के समीप ग्राम खरहरकुड़ा स्थित छत्तीसगढ़ के एकमात्र 07 स्टार रैंकिंग प्राप्त सीबीएसई अंग्रेजी माध्यम स्कूल नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल (एनकेएम एलपीएस) ने 19 अप्रैल को अपना 9वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मनाया। कार्यक्रम की खास बात रही, मंच पर उपस्थित सुप्रसिद्ध हास्य अभिनेता असरानी की उपस्थिति, जिनकी जीवंत प्रस्तुति और प्रसिद्ध डायलॉग्स ने उपस्थित हजारों दर्शकों को ठहाकों से गूंजा दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंच से बोलते हुए असरानी ने कहा, “शिक्षा ही वह शस्त्र है जिससे जीवन में हर संघर्ष को जीता जा सकता है।” उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा देने की इस पहल को अद्वितीय बताया और लायन राजकुमार अग्रवाल के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के चेयरमैन लायन राजकुमार अग्रवाल ने इस अवसर पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि विद्यालय प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा हेतु हरसंभव मदद करेगा। कोरोना काल में माता-पिता गंवा चुके बच्चों की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क की जा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय शिक्षा सेवा की भावना से संचालित हो रहा है, जहां बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु खेल, करियर गाइडेंस, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिकेत्तर गतिविधियाँ प्रमुखता से कराई जा रही हैं। विद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रौशन किया है तथा जेईई में देश के टॉप टेन में भी स्थान प्राप्त किया है।

इस अवसर पर द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डि-3233 सी के नवनिर्वाचित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन विजय अग्रवाल, विडिजी-2 लायन पवन मलिक सहित पूरी टीम का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। लायन विजय अग्रवाल ने शिक्षा को लायनिज्म का सर्वोच्च रूप बताया, वहीं पवन मलिक ने लायन राजकुमार अग्रवाल को इंटरनेशनल स्तर पर सेवा में अग्रणी लायन सदस्य बताया और कहा कि वनांचल क्षेत्र में इस विद्यालय का वातावरण किसी स्वर्ग से कम नहीं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली तथा राजयोग शिक्षिका बीके रचना दीदी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने विद्यालय की स्थापना को समाज सेवा का अनुपम उदाहरण बताया। विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले नागरिकों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों व शिक्षकों को विशिष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रंखला में बच्चों के मनमोहक नृत्य, संगीत और आर्केस्ट्रा कार्यक्रम ने उपस्थित दर्शकों का मन जीत लिया। सत्या जायसवाल एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत संगीतमय कार्यक्रम ने समां बांध दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लायन क्लब्स इंटरनेशनल के सदस्य, स्थानीय नागरिकगण, विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित थे। सभी ने एनकेएम एलपीएस के 9वें स्थापना दिवस को उल्लासपूर्वक मनाया और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम का समापन स्वर्गीय नितेश कुमार के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.