“संजय श्रीवास्तव ने नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया, मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने दी शुभकामनाएं”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष पद का विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्रीगण, विधायकगण, निगम-मंडल अध्यक्षगण एवं भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्री श्रीवास्तव को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
अनुभवी नेतृत्व को मिली नई जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संजय श्रीवास्तव को बधाई देते हुए उनके राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव को छत्तीसगढ़ के लिए एक अमूल्य पूंजी बताया। उन्होंने कहा, “श्री श्रीवास्तव ने युवा मोर्चा से लेकर प्रदेश महामंत्री तक अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता से निर्वहन किया है। रायपुर नगर निगम में सभापति, विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और विधानसभा चुनाव में सरगुजा प्रभारी के रूप में उनके नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत मिली है। अब नागरिक आपूर्ति निगम की कमान संभालने से गरीबों तक अनाज की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित होगी।”
रमन सिंह बोले: ‘छत्तीसगढ़ मॉडल’ को मिलेगी नई ऊर्जा
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नागरिक आपूर्ति निगम केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। “छत्तीसगढ़ में पीडीएस प्रणाली पूरे देश के लिए उदाहरण बनी है। सुप्रीम कोर्ट ने भी छत्तीसगढ़ मॉडल को सराहा है। अब संजय श्रीवास्तव जैसे ऊर्जावान नेता के नेतृत्व में पारदर्शिता, प्रभावशीलता और जवाबदेही और बढ़ेगी,” उन्होंने कहा।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में दिखा उत्साह
उप मुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल सहित अन्य नेताओं ने संजय श्रीवास्तव के अनुभव और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री श्रीवास्तव की नियुक्ति से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं आखिरी व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचेगी और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में तेजी आएगी।
संजय श्रीवास्तव ने जताया आभार, सेवा को बताया उद्देश्य
अपने पदभार ग्रहण समारोह में संजय श्रीवास्तव ने भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा, “नागरिक आपूर्ति निगम केवल राशन वितरण नहीं करता, बल्कि यह भूख से मुक्ति और सामाजिक सुरक्षा का प्रतीक है। हम छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और सक्षम राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए कार्य करेंगे।” उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने की बात कही।
भव्य उपस्थिति, जोशपूर्ण माहौल
इस अवसर पर मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पुन्नूलाल मोहले, गौरीशंकर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सांसद महेश कश्यप सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता, जिला अध्यक्ष, महापौर, निगम-मंडल अध्यक्षगण, और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बना दिया।



