गौ माता की सेवा में समर्पित श्री अग्रसेन गौ गोपाल मंदिर का लोकार्पण, भक्ति और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कनबेरी, कोरबा — गौ सेवा के पावन उद्देश्य से समर्पित श्री अग्रसेन गौ सेवा धाम, कनबेरी में आज एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण साक्षी बना, जब नव निर्मित गौ गोपाल मंदिर का भव्य प्राण प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण समारोह श्रद्धा, भक्ति और समाजसेवा के भाव से सम्पन्न हुआ।
गौ माता की सेवा को सनातन संस्कृति का मूल बताते हुए इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य अतिथियों ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की तथा गौ माताओं की सेवा का सौभाग्य प्राप्त किया।

इस शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री माननीय श्री लखन लाल देवांगन जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्री विशेश्वर पटेल, श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र अग्रवाल, गौसेवा समिति कनबेरी के अध्यक्ष श्री जयंत अग्रवाल, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, श्री शंकर अग्रवाल, श्री सुनील जैन समेत अनेक सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में गौ सेवा को मानव सेवा से श्रेष्ठ बताते हुए कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और आध्यात्म का केंद्र हैं, जिनका संरक्षण आज की आवश्यकता है। श्री अग्रसेन गौ सेवा समिति द्वारा संचालित सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने इसे एक प्रेरणादायी मॉडल बताया।

कार्यक्रम के दौरान वेद मंत्रों के उच्चारण, धार्मिक अनुष्ठानों और सामूहिक गौ पूजन ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। उपस्थित जनसमूह ने गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया और समिति को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
गौ सेवा धाम द्वारा किए जा रहे कार्य—जैसे बीमार और बेसहारा गौ माताओं की चिकित्सा, उनके लिए हरा चारा और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था—समाज को आत्मीयता और करुणा की ओर ले जाने वाले कदम हैं। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को जागृत करने वाला उत्सव रहा।


