छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य को सलाम: छत्तीसगढ़ में फिल्म ‘छावा’ हुई टैक्स फ्री



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 26 फरवरी 2025: छत्रपति संभाजी महाराज के अदम्य साहस और बलिदान को दर्शाने वाली ऐतिहासिक हिंदी फिल्म ‘छावा’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजिम कुंभ के आयोजन उपरांत मीडिया से चर्चा के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य की जनता को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम व शौर्य की भावना जागृत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
‘छावा’ केवल फिल्म नहीं, बल्कि शौर्य की जीवंत गाथा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘छावा’ एक ऐतिहासिक परंपरा, वीरता और स्वाभिमान की प्रेरणादायक कथा है, जिसे हर नागरिक को देखना चाहिए। यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने मुगलों और अन्य आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष करते हुए रणनीतिक कौशल और बलिदान की अमर गाथा लिखी। फिल्म उनके अदम्य साहस और नेतृत्व को व्यापक रूप से प्रस्तुत करती है और युवा पीढ़ी को प्रेरित करती है।
छत्तीसगढ़ के दर्शकों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री श्री साय के इस फैसले से राज्य के सिनेमाघरों में फिल्म देखने वाले दर्शकों को टिकट मूल्य में राहत मिलेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग भारतीय इतिहास की इस गौरवशाली कथा को देख सकेंगे और इससे प्रेरणा ले सकेंगे।
ऐतिहासिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्मों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऐसी फिल्मों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो समाज में प्रेरणा और सांस्कृतिक चेतना का संचार करती हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता, विशेष रूप से युवा वर्ग से अपील की कि वे इस फिल्म को जरूर देखें और भारतीय इतिहास के उन स्वर्णिम पन्नों को समझें, जो आज भी हमारे जीवन को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार भविष्य में भी ऐसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्मों को समर्थन देती रहेगी, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ अपने गौरवशाली अतीत से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।



