August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

प्रचंड जनादेश पर मंत्री लखनलाल देवांगन बोले – जनता ने अटल विश्वास की मुहर लगाई

1 min read

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।**** नगर निगम समेत कोरबा जिले के पांच नगरीय निकायों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ सरकार के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह जनता की जीत है, जिन्होंने एक साल के विकास कार्यों पर अटल विश्वास जताया है।

भाजपा शासन में विकास कार्यों को मिली रफ्तार

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कांग्रेस ने 10 वर्षों तक जनता को छलावा दिया और पिछली बार भी खरीद-फरोख्त कर नगर निगम पर कब्जा जमाया था। लेकिन, भाजपा सरकार बनने के बाद कोरबा नगर निगम क्षेत्र में रुके हुए कार्यों को 400 करोड़ की स्वीकृति देकर तेजी से आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में हर वर्ग को राहत मिली है, जिससे जनता ने भाजपा को दोबारा प्रचंड बहुमत दिया।

नए उद्योगों की स्थापना को लेकर सरकार प्रतिबद्ध

मंत्री देवांगन ने कोरबा में नए उद्योगों की स्थापना पर जोर देते हुए बताया कि नई औद्योगिक नीति की सराहना पूरे देश में हो रही है। कोरबा में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना के लिए तेजी से काम किया जा रहा है और जमीन आवंटन के लिए पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कोरबा को औद्योगिक हब बनाने के लिए कृतसंकल्पित है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने जनता को दिया आश्वासन

नवनिर्वाचित महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम जनता की सेवा का मंदिर है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि शहर के सभी 67 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य हों। उन्होंने कहा कि भाजपा की नगर सरकार जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने जताया आभार

भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने मीडिया के माध्यम से कोरबा समेत सभी पांच नगरीय निकायों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्षों की उपस्थिति

इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत (दीपका), सोनी झा (बांकीमोंगरा), पद्मिनी देवांगन (छुरीकला), अजय जायसवाल (पाली) सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र देवांगन समेत अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत ने यह स्पष्ट कर दिया कि जनता ने विकास को प्राथमिकता दी है और आने वाले वर्षों में कोरबा को नए आयामों तक पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह से तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.