अटल संकल्प पत्र से कोरबा को मिलेगी नई पहचान, हर पट्टा धारक बनेगा भू-स्वामी : उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/ भाजपा के नगर निगम चुनाव हेतु जारी ‘अटल संकल्प पत्र’ पर चर्चा के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यह संकल्प पत्र कोरबा के हर वर्ग को लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने बताया कि कोरबा की सबसे बड़ी समस्या आवास और भू-अधिकार का समाधान अब होने जा रहा है। हर पट्टा धारक को भू-स्वामी बनाया जाएगा, जिससे वर्षों से अपनी जमीन के मालिकाना हक का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही बिजली बिल और प्रॉपर्टी टैक्स नियमित रूप से भरने वाले नागरिकों को भी पीएम आवास योजना का लाभ मिल सकेगा।
मंत्री श्री देवांगन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना को रोक दिया था, जिसे भाजपा ने फिर से शुरू किया है। उन्होंने कहा कि रुकी हुई पीएम आवास शहरी परियोजनाओं को जल्द पूरा करने और नए 3 लाख मकानों के निर्माण को गति देने का निर्णय लिया गया है।
महिलाओं को मिलेगा विशेष लाभ
संकल्प पत्र के तहत महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर 25% प्रॉपर्टी टैक्स की छूट दी जाएगी। इसके अलावा, हर महीने की 7 तारीख तक कर भुगतान करने पर 10% की विशेष छूट का भी प्रावधान किया गया है। यूपीएससी मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
बाजार बनेंगे मॉडल, हर जगह पिंक टॉयलेट
शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। महिलाओं की सुविधा के लिए सभी बाजारों में पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। पुरानी बकाया प्रॉपर्टी टैक्स राशि को ‘समाधान योजना’ के तहत बिना जुर्माना और ब्याज के निपटाया जाएगा।
50 जगहों पर मुफ्त वाई-फाई स्पॉट और स्मार्ट वेंडिंग जोन
युवाओं की डिजिटल सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोरबा के 50 स्थानों पर मुफ्त वाई-फाई स्पॉट विकसित किए जाएंगे। साथ ही, विद्यालय और महाविद्यालयों में भी वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी।
सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्मार्ट वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को 30,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिससे छोटे व्यापारियों को मजबूती मिलेगी।
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
71 हजार से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा, महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) को 2.5 लाख रुपये तक का ऋण और निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकें।
बेहतर सफाई व्यवस्था और ऑनलाइन सेवाएं
नगर निगम की सभी सेवाओं को डिजिटल बनाने के लिए ‘माय सिटी ऐप’ लॉन्च किया जाएगा, जिससे संपत्ति कर, जल कर और अन्य नगर निगम सेवाओं का ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा।
शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए हर घर में कचरा बाल्टी दी जाएगी। रात्रिकालीन सफाई सुनिश्चित की जाएगी और स्मार्ट वेस्ट मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए कचरा संग्रहण मार्गों की ट्रैकिंग होगी।
तालाबों का होगा पुनर्जीवन और गो संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
शहर के सभी तालाबों को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जोड़कर स्वच्छ किया जाएगा ताकि पानी की गुणवत्ता बनी रहे। गोकुल नगर का विस्तार किया जाएगा ताकि गौ संरक्षण, देखभाल और बेहतर आवास की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
पार्किंग की समस्या होगी दूर, अध्ययन केंद्रों की होगी स्थापना
शहर में पार्किंग की समस्या का समाधान करने के लिए सरकारी जमीनों पर कार और दोपहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जाएगा। प्रमुख नगर निकायों में नालंदा परिसर की तर्ज पर सार्वजनिक अध्ययन केंद्र स्थापित किए जाएंगे और पुस्तकालयों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
हर घर पहुंचेगा स्वच्छ जल, नए जल टैंक बनाए जाएंगे
शहरवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ‘नल से जल’ योजना को सशक्त किया जाएगा। नए जल टैंक बनाए जाएंगे और पुराने कुओं का संरक्षण व पुनरुद्धार किया जाएगा।



