दीपका खदान में हुए हादसे में कर्मचारी का कटा पैर



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ जिले की दीपका कोयला खदान में हुए हादसे में 36 वर्षीय वरुण नाहक नामक गंभीर रूप से घायल हो गए। वह खदान में विभागीय कर्मचारी हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा आज लगभग 11:00 बजे ओल्ड दीपका कोयला खदान के पंप सेक्शन में हुआ। जहां 12 इंची डिलीवरी पाइप खोलने के दौरान पाइप अचानक झटके से बाहर आ गया, जिससे वरुण नाहक नामक व्यक्ति इसकी चपेट में आ गया। इस घटना में उनका पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और दो हिस्सों में बंट गया।
घायल कर्मचारी को तुरंत नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, गेवरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना ने खदान में सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय कर्मचारी और श्रमिक संगठनों ने प्रबंधन से खदानों में सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने मांग की है।

