February 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

*कांग्रेस के पास विकास का कोई वीजन नहीं है इसलिए वह धर्म और जाति का कार्ड खेलती है – सुभाष तिवारी*

*पत्रकार वार्ता में मीनल, मृत्युंजय, शर्मा, पाण्डेय और तिवारी ने उपचुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, कहा : कांग्रेस के कार्यकाल में 15 वर्षों से राजधानी का विकास ठप*

त्रिनेत्र टइम्स  *रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा है कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास के नाम पर एक ईँट तक नहीं रखी और एक फूटी कौड़ी तक खर्च नहीं की। चूँकि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं होता, विकास के नाम पर बताने को कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए कांग्रेस अब रायपुर दक्षिण विधानसभा के उपचुनाव में जातिवाद व धर्म के नाम पर समाज को बाँटकर राजनीति करने का शर्मनाक पैंतरा अपना रही है। कांग्रेस अपने इन ओछे पैंतरों में कतई कामयाब नहीं होगी।
भाजपा कार्यालय (एकात्म परिसर) में रविवार को आहूत पत्रकार वार्ता में रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस के तीन-तीन महापौरों के कार्यकाल में राजधानी का विकास ठप हो गया है।उन्होंने कहा भाजपा विकास और कांग्रेस विनाश के लिए कार्य करती है
रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी के महापौर कार्यकाल में जो विकास कार्य हुए, कांग्रेस की निगम सरकार ने न तो उनको सहेजने और सँवारने का काम किया, न ही विकास की ऐसी किसी नई योजना पर काम किया, जिसे वह आज गिना सके। श्रीमती चौबे ने कांग्रेस के दो पूर्व महापौर किरणमयी नायक व प्रमोद दुबे और वर्तमान महापौर एजाज ढेबर पर जनहित और विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि आज शहर में न तो लोगों को शुद्ध पानी मिल रहा है, न त्योहारों पर भी पर्याप्त बिजली सुविधा मिल रही है। चहुँओर प्रदूषण ने लोगों का साँस लेना तक दूभर कर दिया है। अवैध कबजों के कारण लोगों को चलने की जगह भी नहीं मिल रही है। श्रीमती चौबे ने यूनीपोल घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 15 वर्षों में नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर रख दिया है। स्मार्ट सिटी फंड की राशि का खुलकर दुरुपयोग किया गया। बहुत सारा टेंडर घोटाला हुआ है। बिना टेंडर के काम करवाए गए। शहर में सामुदायिक भवन में कांग्रेस की पिछली सरकार के मंत्री ने कब्जा कर लिया था। श्रीमती चौबे ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में शहर की जो दुर्गति हुई है, उसके लिए कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार है। आज उपचुनाव में किस मुँह से कांग्रेस वोट मांगने जा रही है? ऐसी भ्रष्ट और जातिवाद की राजनीति करने वाली कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करें।
पत्रकार वार्ता में नगर निगम के पूर्व पार्षद सुभाष तिवारी ने कहा कि आज भाजपा ने एक योग्य उम्मीदवार के रूप में सुनील सोनी को मैदान में उतारा है। सन 2000 से लेकर आज तक सुनील सोनी लगातार रायपुर शहर के विकास में एक सेतु का काम करते रहे हैं और रायपुर शहर को बहुत कुछ मिला।
उनके महापौर कार्यकाल में रायपुर राजधानी बनने के बाद उसे राजधानी का स्वरूप देने में श्री सोनी की महती भूमिका रही। महापौर के तौर पर अपने अधिकारी कर्मचारी और कमिश्नर और अपने पार्षद साथियों के साथ मिलकर एक विजन के तहत रायपुर का समग्र विकास श्री सोनी ने किया। तत्यापारा से शारदा चौक तक सड़क चौडीकरण का काम 15 साल के कार्यकाल में कांग्रेस के तीन महापौर मिलकर नहीं कर पाए।

उन्होंने कहा कांग्रेस के पास विकास का कोई विजन नहीं है इसलिए वह धर्म और जाति का कार्ड खेलती है।
श्री तिवारी ने कांग्रेस की निगम सरकार पर आरोपों की बौछार करते हुए कहा कि बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत ने मंत्री के रूप में भाजपा शासनकाल में रायपुर शहर को एक राजधानी के रूप में बनाया सँवारा और विकसित किया है। ब्रजमोहन जी ने दलीय राजनीति से ऊपर उठकर रायपुर दक्षिणी के प्रत्येक वार्ड जिसमें कांग्रेस या भाजपा पार्षद कोई भी हो समान रूप से राशि उपलब्ध करा कर विकास के कार्य करवाए।
भाजपा पार्षद दल के प्रवक्ता मृत्युंजय दुबे ने पत्रकार वार्ता में कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय प्रत्याशी सुनील सोनी ने विकास का विजन सामने रखकर आने वाले 20-25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास की योजनाएँ बनाई और उन्हें अमल में लाया। श्री दुबे ने प्रदेश के पूर्व मंत्री व मौजूदा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के 35 वर्षों के विधायक कार्यकाल क चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के रहते बृजमोहन अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में रायपुर दक्षिण में 5000 करोड़ रुपए के विकास कार्य कराये । इसके बाद सत्ता अलग होने के बाद भी श्री अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि की राशि बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के रायपुर दक्षिण के विकास में खर्च की। और अंतर राज्य बस स्टैंड लक्ष्मण झूला जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर के अनेक कार्य करवाए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जहाँ भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ को बनाने और सँवारने की बात करती है, वहीं कांग्रेस जात और धर्म के नाम पर समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में विकास हुआ है। रायपुर शहर ने भाजपा का कार्यकाल भी देखा है और कांग्रेस का कार्यकाल भी देखा है। जब कांग्रेस का कार्यकाल आता है तो खुलकर भ्रष्टाचार, घोटाले करके अपनी-अपनी तिजोरी भरने का काम होता है, जबकि भाजपा की केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक घर तक पहुँचा है। श्री शर्मा ने कहा कि लगभग 35 वर्षों से भाजपापर में रायपुर दक्षिण विधानसभा के लोगों का विश्वास रहा है। रायपुर दक्षिण के विकास की गति और तेज हो, इसलिए भाजपा प्रत्याशी श्री सोनी सतत प्रयासरत रहेंगे।
भाजपा के पूर्व शहर जिला अध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस आज फिर जातिवाद के नाम पर ओछी राजनीति कर रही है। लेकिन कांग्रेस का यह राजनीतिक हथकण्डा आगामी उपचुनाव में कतई कामयाब नहीं होगा।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल मौजूद रहे।
——————-

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.