May 27, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


* वन अमला को उसे खदेड़ने करनी पड़ी घंटों मशक्कत
त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा जिले के ग्राम मोरगा के जूनापारा में एक दंतैल हाथी के पहुंचने से हड़कंप मचा रहा। हाथी को देखकर बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। जब दंतैल हाथी ग्रामीण के चौखट तक पहुंचा तब घर में परिवार के चार सदस्य मौजूद थे। अपनी जान बचाने सभी ने खिड़की-दरवाजे को बंद कर लिया। दंतैल को भगाने के लिए वन विभाग की हुल्ला पार्टी भी पहुंची लेकिन हुल्ला पार्टी के हूटर और पटाखों की आवाज से भी हाथी भागने को तैयार नहीं था। काफी मशक्कत के बाद उन्हें खदेड़ने में सफलता मिली। देर रात तक वन विभाग का हुल्ला पार्टी दंतैल हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए प्रयास करता रहा।
जानकारी के अनुसार अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांगो थाना क्षेत्र में ग्राम मोरगा स्थित है। इससे थोड़ी दूरी पर जूनापारा बस्ती है। रविवार की शाम 11 हाथियों का एक दल बस्ती के करीब आ गया। 10 हाथी बस्ती के आसपास लगे धान की फसल को चट कर रहे थे इस बीच एक दंतैल हाथी झुंड से अलग होकर बस्ती में रहने वाले ग्रामीण चिरमिरिया के घर की चौखट पर आ गया। हाथी को देखकर ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अपने घरों को छोड़ ग्रामीण एक स्थान पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। हुल्ला पार्टी भी बिना देरी किए मौके पर पहुंची। हूटर बजाकर हुल्ला पार्टी ने दंतैल हाथी को ग्रामीण के घर के पास से भगाने का प्रयास किया मगर दंतैल हाथी दो-चार कदम चलने के बाद फिर वहीं पहुंच गया। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ और वन विभाग की हुल्ला पार्टी देर रात तक ग्राम में मौजूद रही। मशक्कत के बाद वन अमला ने सफलता पाई।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.