बरसात और दशहरा बीता पर नहीं बदली सड़क की सूरत
1 min read



* उड़ती धूल और गढ्डों से बढ़ा हादसे का खतरा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा अंचल की सड़के बदहाल हालत में हैं। जबकि इसी रास्ते से अकसर प्रदेश सरकार के मंत्री का गुजरना होता रहता हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी भी इस मार्ग से होकर आना-जाना करते हैं, लेकिन मार्ग की जर्जर स्थिति को सुधारने ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बताया जा रहा हैं की पूर्व में भी कई बार प्रशासन के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस सड़क का निर्माण बारिश थमने के बाद करा दिया जाएगा, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई हैं। त्यौहारी सीजन में निगम प्रशासन शहर की जर्जर सडक़ों की मरमत नहीं करा सका है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, इससे लोगों को दोपहिया गाड़ी चलाने में ज्यादा दिक्कत हो रही है। मुख्य मार्ग की सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। ट्रांसपोर्ट नगर चौक से लेकर कोसाबाड़ी तक की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। सड़को पर चलने वाली गाड़ियां हिचकोले खा रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे दो-पहिया वाहन चालकों को हो रही है। गड्ढे ऐसे हैं कि गाड़ियों के गिरने से कई बार बाइक के पीछे बैठा व्यक्ति भी नीचे गिर जाता है जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा होती है जो एक किनारे बैठती हैं।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में जर्जर सड़क से धूल उड़ रही है। निगम की डामरयुक्त सड़क उखड़ गई है, इससे गिट्टी बाहर आ गया है जो गाड़ियों के चलने से इधर-उधर छिटक रहा है और पहिए के गुजरने से उठने वाली हवा के कारण धूल के कण हवा में घुल रहे हैं। इससे लोगों को वाहन चलाने में तो दिक्कत हो रही रही है, सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है।
पूर्व में निगम प्रशासन ने बताया था कि बारिश खत्म होते ही सड़को की मरमत का कार्य शुरू किया जाएगा। उम्मीद थी कि लोगों को दशहरा तक अच्छी सड़क मिल जाए। निगम उन स्थानों पर रिपेयरिंग करा देगा जहां स्थिति ज्यादा खराब है। मगर नवरात्रि गुजर गई और दशहरा भी पूरा हो गया। मगर अभी तक इन सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। शहर की सड़क के अलावा उपनगरीय क्षेत्र की सड़को का हाल भी बुरा हैं। कुसमुंडा मुख्य मार्ग की सड़क जर्जर स्थिति में है। लंबे समय से निर्माणाधीन सड़क का कुछ हिस्सा अब तक नहीं बन सका है। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मार्ग पर उड़ती धूल से लोग परेशान हो रहे हैं।


