


त्रिनेत्र टइम्स कोरबा/: शहर के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश सिंह ने निगम एवं पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की है । उन्होंने कहा कि निहारिका घंटाघर समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पार्किंग और फुटपाथ पर इन दिनों अवैध ठेला और दुकानदारों का कब्जा हो गया है । खरीददारी करने वाले लोग अपनी गाड़ियों को सड़क पर ही पार्किंग कर ठेले अथवा दुकानों में खरीददारी करने में व्यस्त हो जाते हैं जिसके कारण रोज शाम को सड़क जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है।
त्यौहारी सीजन होने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कुुुछ ज्यादा ही बढ़ गयी है। लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी समस्या अपने वाहनों को पार्किंग करने की रहती है । शहर के मुख्य मार्ग पर ठेले वालों का कब्जा आसानी से देखा जा सकता है। वही दुकानदार भी अपने दुकान की सामग्रियों को सड़क पर फैलाकर ऐसा प्रदर्शन करते हैं मानो सड़क पर फैले सामग्रियों को देखकर ही ग्राहक उनकी दुकान में कदम रखेंगे ।
कुुुछ तस्वीरों पर आप भी नजर डालिए:
इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि रानी धनराज कुंवर देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिसे धर्म अस्पताल के नाम से भी जाना जाता है । उसके बाहर ठेले वालों का कब्जा है । अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके परिजनों को अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिलती । वहीं बाहर ठेले पर आने वाले ग्राहक भी अपने वाहन सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं । इन ठेले वालों को हटाकर अस्पताल परिसर को और बड़ा करने की जरूरत है ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था मिल सके।
धर्म अस्पताल के ठीक सामने इतवारी बाजार की ओर जाने का रास्ता है जहां अक्सर जाम लगता है। इसकी मुख्य वजह ये है कि सामने जीएस बिल्डिंग में भारतीय स्टेट बैंक और सहकारी बैंक तो पहले से ही संचालित है और अब एचडीएफसी बैंक भी जल्द प्रारंभ होने वाला है। हर दिन सैकड़ो की तादाद में ग्राहक इन बैंकों में आते हैं जिससे यहां वाहनों की कतार लग जाती है। नतीजन राहगीरों, यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी मोड़ पर ही अनेक फलवाले अपना ठेला सड़क पर खड़ी करके अपनी दुकानदारी चला रहे हैं और इनसे खरीदारी करने वाले ग्राहक अपने वाहन बीच सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं।
इन अव्यवस्थाओं को देखते हुए इतवारी बाजार संघ के अध्यक्ष मो. अनीश मेमन ने निगम एवं पुलिस प्रशासन को धरना प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए पत्र लिखा था लेकिन अब वे भी शांत बैठ गए हैं। इसके पीछे क्या वजह है यह तो वही जानें।


इसी तरह दर्री रोड में अनेक होलसेलर दुकानदार हैं जिनके यहां अनलोडिंग के लिए अक्सर भारी वाहन ओवर ब्रिज के बाजू की सड़क पर खड़े होते हैं । इसके चलते इस मार्ग पर जाम लग जाने से कई बार वाद विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। दुकानदार खुले आम राहगीरों से दुर्व्यवहार करते हुए धमकी देने लगते हैं कि जहां शिकायत करनी हो कर दें।

