ग्राम कासोली में विधायक चैतराम की उपस्थिति में चलाया गया महा वृक्षारोपण अभियान*



*पौधे लगाने के साथ ही ग्रामीण पौधे की समुचित देखरेख भी करें-श्री अटामी*
*जनभागीदारी से सघन वृक्षारोपण कर पर्यावरण को समृद्व बनाएं- चैतराम अटामी*
त्रिनेत्र टाइम्स दंतेवाड़ा राहुल आज ब्लाक गीदम के ग्राम कासोली में वन महोत्सव के तहत ग्राम देवगुड़ी में क्षेत्र के विधायक चैतराम अटामी के नेतृत्व में महा वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गयी।इस मौके पर डीआईजी कमलोचन कश्यप,जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, पुलिस अधीक्षक गौरव राय,एसडीएम जयंत नाहटा सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में विधायक एवं अन्य अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों ने देवगुड़ी परिसर में नरियल के पौधों का रोपण किया।

इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी ने उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में ‘‘एक पेड़ मॉ के नाम‘‘ कार्यक्रम के तहत पौधे लगाए जा रहे है। जिले में भी इसी अभियान के तारतम्य में हर एक आंगनबाड़ी केन्द्रों,आश्रम छात्रावासों, स्कूलों,घरों में भी पौधे लगाकर पर्यावरण को संरक्षित सवंर्धित किया जायेगा। आज ग्राम कासोली के हर घर में 5 पेड़ बांस, आम, कटहल, मुनगा, नारियल के पौधे लगाये जाने का संकल्प लिया गया है,न केवल पौधे लगाए जाएंगे बल्कि इनकी लगातार निगरानी भी की जायेगी। इसके अलावा ग्राम के नव-निर्मित तालाब किनारों में सफाई और श्रमदान करके ग्रामीण वृक्षारोपण करेगें। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि अपने पुत्र-पुत्री एवं परिजनों के जन्मदिवस पर भी वे अवश्य पौधे लगाए।
कार्यक्रम से पूर्व डीएफओ सागर जाधव के निर्देशन में जिले में वन विभाग द्वारा इस महा अभियान के अंतर्गत 20 हजार से अधिक पौधे आंगनवाड़ी, शाला, छात्रावासों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लगाये गये है। इसके साथ ही ‘‘पौधा तुंमर दवार‘‘ योजना के तहत आम नागरिकों को भी निःशुल्क वितरित किये जा रहे है। उन्होंने आगे कहा कि आवश्यकता पड़ने पर विभाग द्वारा आम जनों के लिए अतिरिक्त पौधे दिए जायेगे। साथ ही इन लगाये पौधों की देखरेख और सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को निशुल्क पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य संगीता नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष अंति वेक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे |

