February 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 


त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा  अनुविभागीय अधिकारी (रा) कटघोरा के सभागार में एसडीएम सरोज महिलांगे की अध्यक्षता में कटघोरा में सप्ताह में एक दिन मंगलवार को दुकान और बाजार बंद करने को लेकर व्यापारी संघ की एक आवश्यक बैठक आहूत की गई। व्यवसायी बंधुओं द्वारा लगातार की जा रही मांग को ध्यान में रख प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए सभी व्यवसायी से उनकी राय जानी। उपस्थित व्यवसायियों ने एक स्वर में सप्ताह में एक दिन मंगलवार को दुकान रखने के निर्णय का समर्थन किया।
बैठक में उपस्थित नगर पालिका अधिकारी ज्ञानपुंज कुलमित्र को भी एसडीएम ने एक दो दिन में नगर में मुनादी कराकर सूचना प्रसारित करने हेतु निर्देशित किया। एसडीएम ने आगे कहा कि आगामी 4 जून के बाद आचार संहिता समाप्त होते ही गुमास्ता एक्ट पर भी अग्रिम प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। तब तक आने वाले 28 मई मंगलवार से दुकान बंद होना शुरू हो जाएगा एवं वहां उपस्थित सभी व्यवसायियों से निवेदन भी किया कि आप अपने दुकान का सामान को रोड तक फैला कर न रखें। जो व्यवसायी दुकान बंद करने के समर्थन का सहयोग नही करेंगे उनको प्रशासन अपनी ओर से समझाइश देगी। नहीं मानने पर विधिवत सख्त कार्यवाही की जाएगी। सिर्फ आवश्यक सेवाओं जैसे मेडिकल, होटल, डेयरी आदि दुकानों को छूट की श्रेणी में रखा गया है। प्रशासन ने सभी से सहयोग करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार कटघोरा पूर्व में हर मंगलवार को बंद होते आ रहा था, परंतु फिर बीच में दुकाने लगातार खुलने लग गई थी। इसको लेकर कटघोरा के व्यवसायियों ने कटघोरा अग्रसेन भवन में व्यापारी सम्मेलन में छग शासन में वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन के समक्ष ये मुद्दा उठाया था। व्यापारियों की मांग पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इस पर उचित कार्यवाही करने का पूरा भरोसा दिलाया था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई। इसमें कटघोरा के सभी व्यापारी संगठनों ने अपनी सहमति जताई। इनमें किराना व्यापारी संघ, कपड़ा व्यापारी संघ, जूता चप्पल व्यापारी संघ, मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक संघ, मनिहारी व जनरल स्टोर संघ, हार्डवेयर, टाइल्स, ऑटोमोबाइल्स व इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल आदि शामिल हैं।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.