कोरबा बारिश से पहले ग्रामीण विस्तार अधिकारियों को लेना होगा मिट्टी का नमूना



* आठ हजार किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड वितरण का लक्ष्य
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा जिले को इस साल आठ हजार सैंपल मिट्टी जांच का लक्ष्य मिला है। इसे पांच विकासखंड में विभाजित किया गया। प्रत्येक विकासखंड के 1600-1600 किसानों के खेत से ग्रामीण विकास विस्तार अधिकारी मिट्टी के नमूने एकत्र करेंगे। कृषि अनुविभागीय कार्यालय के प्रयोगशाला में मिट्टी के उर्वराशक्ति, पोषक तत्व सहित अन्य उर्वरता की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट की जानकारी किसानों को दी जाएगी।
जिले में इस बार आठ हजार किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्रामीण विस्तार अधिकारियों को बारिश से पहले नमूना लेने का काम पूरा करना होगा। इसके बाद सैंपलिंग में परेशानी हो सकती है। केंद्र सरकार की योजना अंतर्गत मृदा परीक्षण के लिए कृषि अनुविभागीय कार्यालय में मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित किया गया है। विभाग की ओर से खेती-किसानी का काम शुरू होने से पहले खेतों से मिट्टी जांच के लिए सैंपल एकत्र करना होगा। इसकी प्रक्रिया शुरू होगी। मिट्टी का नमूना कृषि अनुविभागीय कार्यालय में स्थित मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला में भेजी जा रही है। साथ ही खेती-किसानी का काम शुरू होने से पहले स्वाइल हेल्थ कार्ड का वितरण करना होगा ताकि किसानों को उनकी खेत का उर्वराशक्ति, पोषक तत्व सहित अन्य उर्वरता की सही जानकारी हो सके और उसी आधार पर खेत में उर्वरता बढ़ाकर फसल प्राप्त कर सके। स्वाइल हेल्थ कार्ड से किसानों के फसल में उत्पादन में वृद्धि होगी।

