कोरबा नगर पंचायत छुरी में एक और शासकीय कन्या महाविद्यालय खोलने किया गया सर्वे



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा जानकारी दी जा रही हैं की सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो जल्द ही जिले में एक नया शासकीय कन्या महाविद्यालय शुरू होगा। शासन ने जिला शिक्षा विभाग को सर्वे का प्रपोजल भेजा है। जिसके अंतर्गत नगर पंचायत छुरी को केंद्र में रख आसपास के स्कूलों का सर्वे करने और वहां पढऩे वाले हायर सेकंडरी स्कूल के स्टूडेंट्स का आंकड़ा जुटाने कहा गया है। एक टीम द्वारा नगर पंचायत छुरी में सर्वे भी किया जा चुका है। चुनाव के कारण प्रक्रिया थम सी गई थी, जिसमें अब तेजी आ रही है। शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर जानकारी का निवेदन किया गया है।
सर्वे रिपोर्ट आने के बाद उच्च शिक्षा विभाग को अवगत कराया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने कहा कि शासन के प्रस्ताव के तहत छुरीकला से 15 किलोमीटर के दायरे में स्थित हायर सेकेण्डरी स्कूल के दर्ज व उत्तीर्ण बच्चों के संबंध में जानकारी के लिए स्कूल के प्राचार्यों को पत्राचार किया गया है।
इस सर्वे में आसपास के क्षेत्र के हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों की दर्ज संख्या का डाटा, प्रस्तावित क्षेत्र के स्कूलों से बोर्ड परीक्षाएं पास करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या का आंकलन किया जाएगा। कोरबा जिले में प्रतिवर्ष लगभग 15 हजार छात्र-छात्राएं 12वीं की परीक्षा देते हैं। इनमें छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से नियमित, ओपन व स्वाध्यायी के साथ केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें पास होने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 10 हजार होती है। ऐसे में समझा जा सकता है कि 12वीं परीक्षा पास करने के बाद युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने कॉलेजों में एडमिशन के वक्त कितनी जद्दोजहद करनी पड़ती होगी। जिले में 9 शासकीय सहित 18 महाविद्यालय संचालित हैं। सीट की कमी के कारण क्षेत्र के युवा पढ़ाई के लिए दूर का सफर तय करने मजबूर हो रहे हैं। वर्तमान में छुरी के सबसे नजदीकी उच्च शिक्षण संस्था के रूप में कटघोरा में शासकीय मुकुटधर पांडेय कॉलेज संचालित है। छुरी से 15 किलोमीटर के दायरे में शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल छुरी, जवाहर नवोदय विद्यालय सलोरा छुरी, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल जमनीपाली (सेजस), शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल गोपालपुर (सेजस), शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल बलगीखार, विद्युत गृह हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक 2 पश्चिम कोरबा, हसदेव हायर सेकंडरी स्कूल दर्री, सरस्वती हायर सेकंडरी स्कूल छुरी, सरस्वती हायर सेकंडरी स्कूल प्रगतिनगर, बीकन अंग्रेजी हायर सेकंडरी स्कूल दर्री आते हैं, माना जा रहा हैं की जहां पढक़र निकलने वाली छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए छुरी का प्रस्तावित शासकीय कन्या महाविद्यालय बेहतर विकल्प बनेगा।

