महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की सभी पात्र महिलाओ को मासिक किश्त की राशि 655.57 करोड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डीबीटी के माध्यम से कल वितरित की जायेगी – चैतराम अटामी*



त्रिनेत्र टाइम्स राहुल दंतेवाड़ा***** भाजपा जिलाध्यक्ष व विधायक चैतराम अटामी ने प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा की महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक अभिनव पहल है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दी गई गारंटी को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नई सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अभिनव पहल की है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की पात्र विवाहित महिलाओं को 12 हजार रूपए वार्षिक (एक हजार रूपए मासिक) भुगतान किये जाएंगे।

श्री अटामी ने कहा की प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका सुदृढ करने समाज में महिलाओं के प्रति भेदभाव, असमानता एवं जागरूकता की कमी को दूर करने, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करने तथा आर्थिक स्वावलम्बन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में “महतारी वंदन योजना” लागू किये जाने का निर्णय लिया गया है।
श्री अटामी ने कहा की महतारी वंदन योजना के द्वारा प्रदेश की पात्र विवाहित महिलाओं को मासिक डीबीटी के रूप में प्रतिमाह रूपये 1000 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। योजना के पात्र हितग्राहियों को 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा योजना की पहली मासिक किश्त की राशि का वितरण किया जाएगा। कुल राशि 655.57 करोड़ (छः सौ पचपन करोड़ संतावन लाख रुपये) डीबीटी के माध्यम से वितरित की जाएगी।
श्री अटामी ने कहा की महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई महतारी वंदन योजना के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2024-25 के बजट में 3,000 करोड़ रूपए का प्रावधान किया है।महतारी वंदन योजना न केवल वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है बल्कि सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के लिए एक प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।
श्री अटामी ने कहा की महतारी वंदन योजना राज्य की सभी पात्र विवाहित महिलाओं को लाभ प्रदान करेगी, जिनकी आयु 1 जनवरी 2024 को 21 वर्ष से अधिक है। विधवा, तलाकशुदा, और परित्यक्त महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र हैं।इस दौरान भाजपा महामंत्री द्वय धीरेन्द्र प्रताप,संतोष गुप्ता,जिला मीडिया प्रभारी राहुल असरानी,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल ठाकुर एवं कुआकोंडा मण्डल अध्यक्ष सोमड़ू कोर्राम उपस्थित हुए |

