February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


* माकपा और छत्तीसगढ़ किसान सभा ने प्रबंधन को थमाया नोटिस
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा  एसईसीएल कोरबा क्षेत्र अंतर्गत सुराकछार खदान के भू-धसान से प्रभावित किसानों को पिछले तीन वर्ष से फसल क्षतिपूर्ति मुआवजा राशि नहीं दी गई है, जिसे लेकर ग्रामीणों ने कोरबा मुख्यालय घेराव की रूपरेखा तैयार की है। माकपा के नेतृत्व में आंदोलन का नोटिस प्रबंधन को थमाया गया है।
प्रभावित किसानों ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और छत्तीसगढ़ किसान सभा के साथ बैठक करने के बाद माकपा के नेतृत्व में एसईसीएल के कोरबा महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर 2 जनवरी को कोरबा मुख्यालय घेराव का नोटिस थमा दिया है। माकपा जिला सचिव प्रशांत झा और छत्तीसगढ़ किसान सभा के जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह कंवर ने बताया कि बलगी सुराकछार खदान के भू-धसान के कारण सुराकछार बस्ती के किसानों की भूमि वर्ष 2009 से कृषि कार्य करने योग्य नहीं रह गई है। इससे किसानों को हुए भारी नुकसान को देखते हुए वर्ष 2019-20 तक का फसल क्षतिपूर्ति व मुआवजा एसईसीएल प्रबंधन को देना पड़ा है, लेकिन इसके बाद वर्ष 2020-21 से वर्ष 2022-23 तक का तीन वर्ष का मुआवजा अभी तक लंबित है। अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा द्वारा किसानों को हुए नुकसान का आंकलन कर क्षतिपूर्ति व मुआवजा देने के लिए एसईसीएल कोरबा प्रबंधन को पत्र देने के बाद भी किसानों की समस्याओं के प्रति एसईसीएल की उदासीनता और उसकी वादाखिलाफी के खिलाफ किसानों में काफी आक्रोश है।
आक्रोशित किसानों की बैठक सुराकछार बस्ती में हुई। बैठक में बड़ी संख्या में प्रभावित किसान उपस्थित थे। किसानों ने बैठक में एसईसीएल कोरबा मुख्यालय का घेराव करने की रूपरेखा बनाई है। ज्ञापन सौंपने में प्रमुख रूप से दीपक साहू, महिपाल सिंह कंवर, गणेश राम चौहान उपस्थित थे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.