November 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

 संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और लोकतंत्र की आधारशिला — उप मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर कांग्रेस पर साधा निशाना, बाबा साहेब के सम्मान और पंचतीर्थ विकास को लेकर रखे विचार

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय संविधान के सम्मान, संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में की गई। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संविधान दिवस के महत्व, संविधान निर्माताओं के योगदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और बाबा साहेब अम्बेडकर के सम्मान को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है।

अरुण साव ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। संविधान निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर संविधान दिवस मनाने का निर्णय लेकर संविधान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी। वर्ष 2015 से संविधान दिवस के आयोजन को व्यापक रूप से प्रारंभ किया गया, ताकि संविधान की भावना और बाबा साहेब के विचार देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध कराता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से लेकर समानता, न्याय और लोकतांत्रिक सहभागिता तक संविधान ने प्रत्येक नागरिक को महत्वपूर्ण अधिकार दिए हैं। संविधान की प्रस्तावना में अंकित ‘हम भारत के लोग’ केवल शब्द नहीं, बल्कि देश की एकता, विविधता, समरसता और लोकतांत्रिक शक्ति का प्रतीक है। भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति और संवैधानिक व्यवस्था ही देश की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके कारण आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

 

 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक विकास, अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। दुनिया आज भारत की क्षमता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास की गति को उम्मीदों के साथ देख रही है। भारत की एकता, अखंडता और विविधता के पीछे संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान करता है।

### बाबा साहेब के सम्मान और पंचतीर्थ विकास का उल्लेख

अरुण साव ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के सम्मान को लेकर कहा कि भाजपा समर्थित सरकारों ने बाबा साहेब के विचारों और उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास किया गया। उनकी जन्मभूमि, शिक्षा भूमि लंदन, दीक्षाभूमि नागपुर, चैत्यभूमि मुंबई और महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली को विशेष महत्व देते हुए विकास कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को सम्मान देना और उनके आदर्शों पर चलना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में डॉ. अम्बेडकर को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने लोकसभा चुनावों में बाबा साहेब को पराजित करने, भारत रत्न सम्मान में देरी और संविधान दिवस के आयोजन का विरोध करने जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के संविधान सम्मान के दावों पर सवाल उठाए। साव ने कहा कि संविधान निर्माता का सम्मान किए बिना संविधान के सम्मान की बात करना उचित नहीं है।

### अनुच्छेद 370 से लेकर भीम ऐप तक का किया उल्लेख

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब संविधान में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों के विरोधी थे। केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 समाप्त कर राष्ट्रीय एकता को मजबूती देने का कार्य किया। उन्होंने 14 अप्रैल को समरसता दिवस के रूप में मनाने, संयुक्त राष्ट्र में बाबा साहेब की 125वीं जयंती के आयोजन, पंचतीर्थ विकास और भीम ऐप जैसे प्रयासों को उनके विचारों के प्रति सम्मान से जोड़ते हुए प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि संविधान का अपमान बार-बार कांग्रेस पार्टी ने किया है और आज वही पार्टी संविधान की रक्षा की बात करती है। संविधान के मूल सिद्धांतों, उसकी भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर देश की जनता को जागरूक होना आवश्यक है।

### युवाओं में संवैधानिक चेतना जगाने का आह्वान

अरुण साव ने कहा कि संविधान दिवस न्याय, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और विविधता में एकता जैसे मूल्यों को याद करने का दिन है। यह प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक सिद्धांतों का सम्मान करने और उन्हें जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने संविधान निर्माण में छत्तीसगढ़ की महान विभूतियों घनश्याम सिंह गुप्त, पं. रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, पं. किशोरी मोहन त्रिपाठी और रामप्रसाद पोताई के योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संविधान के अधिकारों, कर्तव्यों, मूल्यों और बाबा साहेब के विचारों को युवाओं एवं आम नागरिकों तक पहुंचाएं, ताकि लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और संवैधानिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो सके।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल आयोग अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही एवं जिला उपाध्यक्ष अकबर अली उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.