November 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों दीपों से जगमगाएगा हसदेव घाट, भव्य आरती और दीपदान के साथ दिखेगा छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति का रंग; पारंपरिक व्यंजनों, लोकनृत्य, आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से यादगार बनेगी शाम

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। हसदेव नदी का पावन तट, जगमगाते दीपों की रोशनी, गूंजते भक्ति के स्वर और छत्तीसगढ़ की माटी की सोंधी महक… कुछ ऐसा ही अलौकिक और उत्सवी नजारा 24 नवंबर को कोरबा में देखने को मिलेगा। धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और छत्तीसगढ़ी संस्कृति को एक सूत्र में पिरोने की अनूठी पहल के तहत शहर में पहली बार भव्य पुन्नी मेले का आयोजन होने जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हसदेव घाट, पुरानी बस्ती, दर्रीपारा रोड, इंदिरा नगर में शाम 5 बजे से यह आयोजन शुरू होगा। इस ऐतिहासिक पहल को लेकर शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।

पुन्नी मेला आयोजन समिति कोरबा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोक जीवन और पारंपरिक उत्सवधर्मिता को सहेजने का एक बड़ा मंच बनाने की तैयारी है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और लोक संस्कृति से परिचित कराने के साथ ही सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

दीपों की रोशनी से जगमगाएगा हसदेव घाट, भव्य आरती बनेगी आकर्षण का केंद्र

पुन्नी मेले का सबसे प्रमुख आकर्षण हसदेव घाट पर होने वाली भव्य आरती और दीपदान होगा। कार्तिक पूर्णिमा की धार्मिक मान्यता के अनुरूप श्रद्धालु दीप प्रज्वलित कर इस पावन आयोजन में सहभागी बनेंगे। नदी तट पर जगमगाते दीपों और भक्तिमय वातावरण के बीच आरती का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभूति लेकर आएगा। आयोजन स्थल पर धार्मिक आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक व्यंजनों में दिखेगी छत्तीसगढ़ की असली पहचान

इस मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाएगा। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया जाएगा। वहीं, छत्तीसगढ़ी खानपान के विशेष स्टॉल लोगों को यहां के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर देंगे। मेले में आने वाले परिवारों और बच्चों के लिए यह आयोजन मनोरंजन के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को करीब से जानने का भी अवसर बनेगा।

आतिशबाजी से आसमान में बिखरेगी रोशनी, उत्सव के रंग में रंगेगा पूरा घाट

धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य आतिशबाजी भी मेले का विशेष आकर्षण रहेगी। शाम ढलते ही हसदेव घाट पर रोशनी और उत्साह का माहौल बनेगा। दीपदान, आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खानपान के बीच यह आयोजन कोरबा के लोगों के लिए एक यादगार शाम का रूप लेने जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों को दिया सपरिवार पहुंचने का न्योता

पुन्नी मेला आयोजन समिति की ओर से नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद तामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल एवं एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला ने शहरवासियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से परिवार और मित्रों के साथ पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।

आयोजन समिति ने छत्तीसगढ़ी अंदाज में आत्मीय आमंत्रण देते हुए कहा है— “जम्मो महतारी, सियान, मितान अउ संगवारी मन ला झारा-झारा नेवता…” यानी कोरबा के सभी माताओं, बुजुर्गों, मित्रों और साथियों को सपरिवार इस पुन्नी मेले में शामिल होने का स्नेहिल निमंत्रण है।

कोरबा की सांस्कृतिक पहचान को मिलेगी नई पहचान

हसदेव घाट पर पहली बार आयोजित होने जा रहा पुन्नी मेला धार्मिक आस्था के साथ कोरबा की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाली पहल साबित हो सकता है। यह आयोजन लोगों को अपनी परंपराओं से जोड़ने, स्थानीय लोक कलाकारों को मंच देने और छत्तीसगढ़ी संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर भी बनेगा। अब शहरवासियों की निगाहें 24 नवंबर की शाम पर टिकी हैं, जब हसदेव का तट दीपों की रोशनी से जगमगाएगा और भक्ति, संस्कृति तथा परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम एक नजर में

आयोजन : पुन्नी मेला 2026
दिनांक : 24 नवंबर 2026, मंगलवार
समय : शाम 5 बजे से
स्थान : हसदेव घाट, पुरानी बस्ती, दर्रीपारा रोड, इंदिरा नगर, कोरबा
आयोजक : पुन्नी मेला आयोजन समिति, कोरबा

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.