जवाली लैम्प्स में धान खरीदी का आगाज, पहले ही दिन किसान पंचराम ने बेचा 56 क्विंटल धान; जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
1 min read
**140 बोरों में भरकर लाया गया स्वर्णा धान, खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर जोर; समिति परिसर के कांक्रीटीकरण और नए कार्यालय भवन की उठी मांग**
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**जवाली।** खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान का शुभारंभ आदिवासी सेवा सहकारी समिति मर्यादित जवाली में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। खरीदी के पहले ही दिन किसान की सक्रिय भागीदारी के साथ धान की बोहनी हुई। ग्राम मोंगरा निवासी किसान पंचराम पिता सुंदरसाय ने समिति में 140 बोरा यानी 56 क्विंटल स्वर्णा धान का विक्रय कर इस वर्ष की खरीदी की पहली शुरुआत की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, समिति के पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में किसानों को शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धान विक्रय करने और खरीदी व्यवस्था का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में समिति के प्राधिकृत अधिकारी राजेंद्र पाल सिंह कंवर, पूर्व प्राधिकृत अधिकारी लखन सिंह तंवर, ग्राम पंचायत के सरपंच दिलेश कुमार कंवर, जनपद सदस्य कमल किशोर बेलदार, उपसरपंच योगेश कुमार कुर्रे, पंच फेकू चन्द्रपाल एवं गजरूप सिंह सहित ग्रामीणों में पुरुषोत्तम साहू, अंकित अग्रवाल, कमल सिंह, लच्छीराम, शिवनंदन, अयोध्या चरण गुरुजी तथा भाजपा महामंत्री वीरेंद्र नामदेव उपस्थित रहे।
इसके साथ ही समिति की नोडल अधिकारी मीनाक्षी ठाकुर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO), समिति प्रबंधक सुकदेव प्रसाद साहू, लेखापाल राजकुमारी साह, डाटा ऑपरेटर अभिजीत दुबे, फड़ एवं बारदाना प्रभारी दीपक पटेल, मोकड़दम शोभाराम, चौकीदार जनक राम सहित हमाल गण भी मौजूद रहे।

**पारदर्शी खरीदी और किसानों की सुविधाओं पर विशेष जोर**
शुभारंभ अवसर पर नोडल अधिकारी ने धान खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं एवं शासन के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों से पंजीयन एवं टोकन के आधार पर निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। धान की गुणवत्ता और नमी की जांच के लिए मॉइश्चर मशीन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बारदाना, सही तौल और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति का प्रयास है कि पूरी खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और किसानों के हितों के अनुरूप संचालित हो।

**समिति परिसर के कांक्रीटीकरण और नए कार्यालय भवन की मांग**
धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही समिति परिसर के विकास और किसानों की सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे भी जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखे गए। समिति में लगातार बढ़ रही किसानों की संख्या और धान खरीदी के बढ़ते कार्यभार को देखते हुए पूरे समिति प्रांगण का सीमेंटीकरण (कांक्रीटीकरण) कराना आवश्यक बताया गया। इससे बारिश के मौसम में कीचड़ और आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलने के साथ ही धान की आवक, तौल एवं भंडारण संबंधी कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा निर्माणाधीन शासकीय भवन को किसानों एवं समिति कर्मचारियों की सुविधा और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए नवीन कार्यालय भवन के रूप में उपयोग में लाने तथा समिति कार्यालय को वहां स्थानांतरित कराने की मांग भी शासन एवं संबंधित विभाग के समक्ष रखने की बात कही गई।
**किसानों की सुविधा ही समिति की प्राथमिकता**
समिति का उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए सुविधाजनक, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराना है। पहले दिन 56 क्विंटल धान की खरीदी के साथ जवाली समिति में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अभियान का विधिवत आगाज हुआ। अब किसानों को उम्मीद है कि पूरे खरीदी सीजन में व्यवस्थाएं सुचारू रहेंगी और उन्हें अपनी उपज बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। वहीं समिति परिसर के कांक्रीटीकरण और नए कार्यालय भवन की मांग पूरी होने से आने वाले समय में किसानों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।




