November 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

**राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी की रहेगी दो दिवसीय उपस्थिति, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू देंगे मार्गदर्शन; समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल, उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों का होगा सम्मान**

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// **रायपुर।** भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई द्वारा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने और आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा के उद्देश्य से 16 एवं 17 नवंबर को राजधानी रायपुर के जैमन मानस भवन में दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित की जा रही है। महिला मोर्चा की इस प्रथम प्रदेश कार्यसमिति बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 500 से अधिक महिला पदाधिकारी, जिला प्रमुख एवं महिला नेत्रियां शामिल होंगी।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने बैठक की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी दोनों दिन विशेष रूप से उपस्थित रहकर प्रदेशभर से पहुंचने वाली महिला पदाधिकारियों को संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। बैठक के माध्यम से महिला मोर्चा की गतिविधियों, संगठन विस्तार, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा महिलाओं के बीच संगठन की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

**पहले दिन संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर होगा मंथन**

16 नवंबर को कार्यसमिति बैठक का विधिवत शुभारंभ होगा। अध्यक्षीय उद्बोधन के साथ राजनीतिक सत्र में प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी प्रदेश महिला मोर्चा का कार्यवृत्त प्रस्तुत करेंगी। इसके पश्चात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ‘वर्तमान राजनीतिक परिवेश में महिला मोर्चा की भूमिका’ विषय पर महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और उनके प्रभावी प्रचार-प्रसार के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रमुखों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा करेंगी। इस दौरान महिला मोर्चा की आगामी गतिविधियों, संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। मीडिया एवं सोशल मीडिया संयोजकों द्वारा महिला नेत्रियों को आधुनिक संचार माध्यमों, मीडिया प्रबंधन और प्रभावी संवाद की कार्यशैली के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम दिवस के कार्यक्रमों के बाद रात्रि भोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी रखा गया है।

**दूसरे दिन पांच सत्रों में होगा विचार-विमर्श, मुख्यमंत्री करेंगे समापन**

17 नवंबर को कार्यसमिति बैठक के दूसरे दिन पांच महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वरिष्ठ भाजपा नेत्री डॉ. सरोज पांडेय, महिला मोर्चा प्रभारी सुभाष तिवारी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहकर महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठनात्मक जिम्मेदारियों, राजनीतिक गतिविधियों, महिला नेतृत्व की भूमिका और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक का समापन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा। मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन प्रदेशभर से पहुंची महिला नेत्रियों और पदाधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। इस अवसर पर संगठनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य एवं सक्रिय योगदान देने वाले जिलों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने प्रदेश की सभी अपेक्षित महिला मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस प्रथम दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सफल बनाने की अपील की है। यह बैठक महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, अनुभवों के आदान-प्रदान और आगामी कार्ययोजना को दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.