कोरबा के विनय शुक्ला ने वैश्विक अनुभवों को पुस्तक में ढाला, युवाओं को सिखाए बेहतर फैसले लेने के गुर
1 min read
BALCO के MGM स्कूल से शुरू हुआ सफर अंतरराष्ट्रीय पेशेवर दुनिया तक पहुंचा, पहली पुस्तक ‘The Decision Lab’ में करियर, रिश्तों, आर्थिक अनुशासन और आत्मविश्वास से जुड़े सवालों का व्यावहारिक समाधान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा की धरती से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पेशेवर जगत में अपनी पहचान बनाने वाले विनय शुक्ला ने अब लेखन के क्षेत्र में भी नई शुरुआत की है। BALCO क्षेत्र के MGM स्कूल से अपनी शुरुआती शिक्षा हासिल करने वाले विनय ने अपनी पहली पुस्तक ‘The Decision Lab: A Practical Manual for Young Adults to Think Clearly, Choose Better, and Stop Self-Sabotage’ के माध्यम से युवाओं को जीवन में सही निर्णय लेने की कला समझाने का प्रयास किया है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से पारिवारिक जुड़ाव रखने वाले विनय का बचपन कोरबा में बीता। हिंदी माध्यम से शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने रायपुर के RIT से मैकेनिकल इंजीनियरिंग, BITS Pilani से मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में एमटेक तथा IIM Bangalore से अकाउंटिंग और फाइनेंस की पढ़ाई की। 15 वर्षों से अधिक के पेशेवर अनुभव में उन्होंने एयरोस्पेस, रक्षा, ऑयल एंड गैस, मैन्युफैक्चरिंग और वैश्विक सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में काम किया।

विनय की इस यात्रा के पीछे परिवार से मिले संस्कार और संघर्ष की प्रेरणा भी महत्वपूर्ण रही। उनके पिता ने BALCO और कोरबा में श्रमिक के रूप में काम की शुरुआत कर अपनी मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के दम पर अकाउंटेंट से चीफ अकाउंटेंट तक का सफर तय किया। माता-पिता से मिली सीख ने विनय के जीवन और सोच को दिशा दी।
युवाओं की उलझनों का व्यावहारिक समाधान है पुस्तक
विनय ने अपने पेशेवर और व्यक्तिगत अनुभवों से यह समझा कि सफलता केवल डिग्री या ज्ञान से नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में सही सोच और बेहतर निर्णय लेने की क्षमता से भी तय होती है। इसी विचार को केंद्र में रखकर उन्होंने यह पुस्तक लिखी है। इसमें करियर चयन, नौकरी बदलने, बचत और निवेश, सोशल मीडिया व मोबाइल की लत, रिश्तों की समझ, आत्मविश्वास, असफलता का डर और जरूरत से ज्यादा सोचने जैसी युवाओं से जुड़ी चुनौतियों को शामिल किया गया है।
पुस्तक का खास आकर्षण ‘5D Decision Method’ है, जिसमें Distance, Define, Decode, Decide और Do के पांच चरणों के जरिए किसी भी परिस्थिति को समझकर सोच-समझकर निर्णय लेने और उस पर अमल करने की प्रक्रिया बताई गई है। पुस्तक में व्यावहारिक उदाहरणों और स्वयं आजमाए जा सकने वाले अभ्यासों के माध्यम से पाठकों को अपनी गलतियों से सीखने और निर्णयों की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया गया है।
विनय शुक्ला की यह पहली पुस्तक केवल उनके लेखकीय सफर की शुरुआत नहीं, बल्कि अपने अनुभवों और सीख को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास भी है। ‘The Decision Lab’ पुस्तक Amazon, Flipkart और Notion Press पर उपलब्ध है। कोरबा के MGM स्कूल से शुरू होकर वैश्विक पेशेवर अनुभव और अब लेखक के रूप में नई पहचान तक पहुंचा विनय का सफर युवाओं को यह संदेश देता है कि शुरुआत कहीं से भी हो, निरंतर सीखने और सही दिशा में प्रयास करने से नई संभावनाओं के रास्ते खुल सकते हैं।




