कोरबा में भाजपा की पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सड़कों पर दिखा कार्यकर्ताओं का हुजूम, 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का दावा!
1 min read
कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से घंटाघर तक गूंजे लोकतंत्र बचाओ के नारे, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित दिग्गज नेताओं ने संभाली कमान, कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भी दिखी सहभागिता
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। की सड़कों पर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी की विशाल पदयात्रा के दौरान जनभागीदारी का बड़ा नजारा देखने को मिला। कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर मैदान तक निकली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। भाजपा की ओर से इस आयोजन में 10 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता का दावा किया गया। शहर के प्रमुख मार्गों पर पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चा के कार्यकर्ता, बूथ स्तर के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक नजर आए। जगह-जगह उमड़ी भीड़ और नारों के बीच पूरा मार्ग राजनीतिक गतिविधियों से सराबोर दिखाई दिया।


भाजपा जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिला प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत सहित संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता निभाई। पदयात्रा का शुभारंभ कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर से हुआ। वहां से कार्यकर्ताओं का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घंटाघर पहुंचा, जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर मैदान में कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान पार्टी के झंडों, नारों और नेताओं के स्वागत के बीच पदयात्रा ने शहर में खासा राजनीतिक माहौल बना दिया।
भाजपा ने इस आयोजन के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और वोट चोरी के आरोपों को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया। पार्टी नेताओं ने मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण को निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए जरूरी बताते हुए कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए।
लखनलाल देवांगन ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले— चुनावी पराजय से बौखलाई है कांग्रेस
प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले के कोने-कोने से लोगों की बड़ी भागीदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी उनकी राजनीतिक हताशा को प्रदर्शित करती है।
देवांगन ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर अनावश्यक सवाल खड़े कर रही है, जबकि मतदाता सूची को शुद्ध और व्यवस्थित बनाने के लिए पुनरीक्षण आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजय के कारण कांग्रेस इस प्रक्रिया को राजनीतिक मुद्दा बना रही है। वोट चोरी के आरोप लगाने वाली कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर भी आत्ममंथन करना चाहिए।
गोपाल मोदी बोले— खराब मौसम भी नहीं रोक पाया कार्यकर्ताओं का उत्साह, जनता का विश्वास भाजपा की ताकत
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने पदयात्रा में शामिल सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का स्वागत-अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में लोगों का शामिल होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं के समर्पण को दर्शाता है।
उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि मृत, स्थानांतरित और निवास बदल चुके मतदाताओं के नामों का सत्यापन करना गलत कैसे हो सकता है? मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और जनता का विश्वास है। पार्टी का लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कांग्रेस को घेरा, एसआईआर पर राजनीति करने का लगाया आरोप
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व करते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे विषयों पर राजनीति करने के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी राजनीतिक कटाक्ष किए।

बृजेंद्र शुक्ला का पलटवार— वोट चोरी का आरोप लगाने से पहले कांग्रेस अपना इतिहास देखे
भाजपा जिला प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला ने कांग्रेस के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस के पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों पर सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता, शुभचिंतक और मजबूत विचारधारा है।

प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारी उतरे सड़क पर, दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस विशाल पदयात्रा में भाजपा संगठन के प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों की सहभागिता रही। सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, राज्य हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग एवं मनोज शर्मा, नगर पंचायत छुरीकला अध्यक्ष पदमिनी प्रीतम देवांगन, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पालिका बांकीमोंगरा अध्यक्ष सोनी झा, वरिष्ठ नेता ज्योतिनंद दुबे, पूर्व विधायक रामदयाल उईके, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन एवं हितानंद अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला संगठन की ओर से जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, लक्की नंदा, रुक्मणी नायर, रेणुका राठिया, सतीश झा, अजय कंवर, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय, अजय दुबे एवं नवीन अरोड़ा ने भी सहभागिता निभाई।
इसके साथ ही भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, विकास अग्रवाल, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, नीरज ठाकुर, प्रदीप सिंह, अविनाश दुबे, डॉ. विजय राठौर, कुलसिंह कंवर, प्रीति स्वर्णकार, अखिलेश पांडेय, रामनारायण सराफ, राजेश लहरे, उत्तम सिंह रंधावा, अंजना सिंह, वैभव शर्मा एवं बी.डी. शर्मा सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिले के सभी मंडलों के अध्यक्ष, नगर निगम क्षेत्र के पार्षदगण, सभी मोर्चों के जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मंडल स्तर के कार्यकर्ता, शक्ति केंद्रों के प्रतिनिधि तथा बूथ अध्यक्षों और बूथ प्रभारियों ने भी पदयात्रा में भागीदारी निभाई। संगठन की विभिन्न इकाइयों से जुड़े कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इस आयोजन को जिला स्तरीय व्यापक राजनीतिक कार्यक्रम का स्वरूप दिया।


कोसाबाड़ी से घंटाघर तक दिखी संगठन की सक्रियता, जनभागीदारी ने बनाया चर्चा का विषय
पदयात्रा के दौरान कोसाबाड़ी से घंटाघर तक कार्यकर्ताओं का लगातार आगे बढ़ता काफिला आकर्षण का केंद्र रहा। पार्टी के झंडे लेकर चलते कार्यकर्ता, नेताओं के स्वागत और समर्थन में लगते नारे तथा जगह-जगह लोगों की मौजूदगी से शहर का माहौल राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। आयोजन में केवल संगठन के पदाधिकारी ही नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी भी दिखाई दी।
भाजपा ने इस पदयात्रा को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदाता सूची के शुद्धिकरण और जनजागरण के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम बताया। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा का समापन घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर मैदान में हुआ। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सहभागिता के साथ कोरबा में भाजपा का यह आयोजन दिनभर राजनीतिक चर्चा का विषय बना रहा।
