कोरबा से जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना हुई भारत गौरव ट्रेन, 850 श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा का सपना हुआ साकार
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बुजुर्गों को मिला भगवान जगन्नाथ के दर्शन का अवसर, मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 23 अक्टूबर 2026। आस्था की राह पर बढ़ते कदम, आंखों में भगवान के दर्शन की आस और मन में तीर्थ यात्रा की खुशी। कोरबा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को ऐसा ही भावुक और उत्साहपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर संभाग के लगभग 850 श्रद्धालु भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से जगन्नाथ पुरी की तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया तथा यात्रियों को सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी मंदिर, लिंगराज मंदिर और कोणार्क मंदिर के दर्शन करेंगे। कई बुजुर्गों के लिए यह यात्रा वर्षों से संजोई गई धार्मिक अभिलाषा को पूरा करने का अवसर है।
बुजुर्गों की आस्था को सम्मान देने की पहल
इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने दोबारा शुरू किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भाव को भी दर्शाती है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस तरह सफाई कर्मियों का सम्मान करते हैं, उसी भावना के अनुरूप प्रदेश सरकार बुजुर्गों की आस्था का सम्मान करते हुए उन्हें तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

आर्थिक बाधाएं बनीं रास्ते की रुकावट, योजना ने खोले दर्शन के द्वार
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि तीर्थ यात्रा करना अनेक बुजुर्गों की इच्छा होती है, लेकिन आर्थिक स्थिति और अन्य संसाधनों की कमी के कारण कई लोग अपनी यह इच्छा पूरी नहीं कर पाते। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना ऐसे लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा की कामना की।
कोरबा रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं की रवानगी के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रेम कुमार साहू, फिरत राम साहू, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक, नगर निगम के अपर आयुक्त पवन वर्मा, प्रफुल्ल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को मिली यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक का सफर नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और वर्षों से संजोई धार्मिक इच्छाओं को पूरा करने का अवसर भी है।
