मासूम बच्ची के हत्यारे को कड़ी सजा दिलाने टीम बनाकर करेंगे हरसंभव मदद : नूतन सिंह ठाकुर
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग, पीड़ित परिवार को निःशुल्क कानूनी सहायता देने आगे आए सभापति नूतन सिंह ठाकुर और अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी
नशे के बढ़ते कारोबार पर जताई चिंता, पुलिस अधीक्षक से व्यापक अभियान चलाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। राजगामार थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और उसकी निर्मम हत्या की घटना ने पूरे कोरबा जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना से लोगों में गहरा आक्रोश है और हर कोई पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है। मामले में आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी को संतोषजनक बताते हुए नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषी को शीघ्र कठोर सजा दिलाने की मांग की है।
नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुआ जघन्य अपराध मानवता को शर्मसार करने वाला है। ऐसे मामलों में न्याय प्रक्रिया को गति मिलनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्ची को न्याय दिलाने और परिवार को कानूनी स्तर पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी।
इस पहल में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर के साथ अधिवक्ता संघ कोरबा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि शर्मा, महिला उपाध्यक्ष उर्मिला सिंह और सहसचिव रवि भगत शामिल रहेंगे। यह टीम पीड़ित परिवार को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग देने का प्रयास करेगी।
आरोपी की पैरवी नहीं करने के निर्णय का किया स्वागत
इस संवेदनशील मामले में अधिवक्ता संघ कोरबा के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ताओं द्वारा आरोपी की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिए जाने का नूतन सिंह ठाकुर ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को ऐसी घटनाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और दोष सिद्ध होने पर आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने की पैरवी की जाएगी।
नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ ऐसा जघन्य अपराध करने वाले दोषी को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और निःशुल्क कानूनी मदद के माध्यम से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बढ़ते अपराधों के पीछे नशे के कारोबार पर जताई चिंता
शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए नूतन सिंह ठाकुर ने नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाला अवैध कारोबार समाज और परिवारों के लिए गंभीर चुनौती है। नशे की उपलब्धता पर नियंत्रण और युवाओं को इससे दूर रखने के लिए पुलिस तथा समाज को मिलकर गंभीर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाए। युवाओं तक नशा पहुंचाने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।
नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मासूम बच्ची को न्याय दिलाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही, अपराध और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर ऐसा वातावरण तैयार करना जरूरी है, जिसमें बच्चे सुरक्षित रहें और अभिभावक अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त महसूस कर सकें।
