कटघोरा में BLO को मिला मतदाता जागरूकता का प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों पर गठित होंगे ELC क्लब
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में 22-कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) प्रशिक्षण 28 सितंबर को शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय कटघोरा में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विपिन दुबे तथा सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।

एसडीएम विपिन दुबे ने BLO को प्रत्येक मतदान केंद्र पर ELC गठित कर सुव्यवस्थित मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से 14 से 17 वर्ष के भावी मतदाताओं तथा 18 से 25 वर्ष के नए युवा मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स एवं निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने BLO को मतदाता पंजीकरण, चुनावी प्रक्रिया और जागरूकता कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी। जिले में अगले चरण में 30 सितंबर को पाली-तानाखार तथा 1 अक्टूबर को रामपुर और कोरबा विधानसभा क्षेत्र के BLO का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।







