छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा से गूंजा नावापारा, आंगन मिलन में बच्चों का अन्नप्राशन और महिलाओं की प्रतिभा को मिला मंच
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// नावापारा। ग्राम पंचायत नावापारा में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, बच्चों के स्वास्थ्य-पोषण और मातृ-शिशु कल्याण को लेकर विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम पंचायत रोगदा के सरपंच सूरज सिंह कंवर, ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि सुंदरिया सिंह कंवर, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी बरपाली श्रीमती कीर्ति जैन तथा सेक्टर कोथारी पर्यवेक्षक सुश्री श्रद्धा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
अन्नप्राशन से लेकर स्वस्थ बच्चों के सम्मान तक हुए आयोजन
कार्यक्रम में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। स्वस्थ बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
महिलाओं और बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। महिलाओं के लिए मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, वहीं बच्चों के लिए बाल भोज का आयोजन किया गया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आंगन मिलन कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर महिला सशक्तिकरण, बाल पोषण और सामुदायिक सहभागिता का जीवंत मंच बना।
योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने पर जोर
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का उद्देश्य माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रीतम सिंह, रतन भगत, रथ सिंह, उपसरपंच नरेंद्र बरेठ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चंद्रिका टंडन, सुनीता कमर, सुशील टंडन, कौशल्या टंडन, मधुलता मधु, मितानिन शुकर्ता बाई, लक्ष्मीबाई, राहिन बरेठ, मंगली बाई, श्यामा बाई, कुसुम लता, कमलाबाई, संतोषी गोंड, मितानिन प्रशिक्षक तुलसी राम रात्रे सहित समस्त सहायिकाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आंगन मिलन कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना से शुरू हुआ यह आयोजन मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।







