September 27, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

युवा मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर, कोरबा जिले के सभी मतदान केंद्रों में चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। लोकतंत्र की मजबूती में मतदाता जागरूकता की अहम भूमिका को देखते हुए कोरबा जिले में मतदान केंद्र स्तर पर जागरूकता अभियान को और व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का विधानसभावार प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विशेष रूप से युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
स्कूल-कॉलेज से लेकर औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि स्वीप कार्ययोजना के तहत जिले में शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों, उच्च शिक्षण संस्थानों, मतदान केंद्रों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा औद्योगिक इकाइयों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब गठित कर मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
ईएलसी के माध्यम से मतदाताओं, विद्यार्थियों और युवाओं को मतदान प्रक्रिया, मतदाता अधिकार एवं निर्वाचन से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक विधानसभा वार प्रशिक्षण
ईएलसी के प्रभावी संचालन के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ एवं मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा।
28 सितंबर को 22-कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय, कटघोरा में सुबह 10:30 बजे से होगा।
30 सितंबर को 23-पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाली ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण सुबह 10:30 बजे जनपद पंचायत पाली के सभाकक्ष में आयोजित होगा। वहीं पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे स्वामी आत्मानंद स्कूल सेजेस, पोड़ीउपरोड़ा में होगा।
1 अक्टूबर को 20-रामपुर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में आयोजित किया जाएगा। इसी दिन 21-कोरबा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के सभी बीएलओ एवं मास्टर ट्रेनर्स को निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में ईएलसी के माध्यम से चलने वाला यह अभियान मतदान केंद्रों तक मतदाता जागरूकता की गतिविधियों को पहुंचाने और विशेषकर नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में संचालित किया जा रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.