25 साल की जनसेवा का महाअभियान: मोदी के सेवा-संकल्प को घर-घर पहुंचाएगी भाजपा, युवाओं को मिलेगा नवाचार का मंच
1 min read



17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, सेवा गतिविधियों से लेकर राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तक होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा और नवाचार को प्रोत्साहन देने सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में अभियान की रूपरेखा को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। भाजपा सांसद एवं भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा सार्वजनिक जीवन जनसेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करते हुए भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।
‘सेवा संकल्प’ बनेगा जनभागीदारी का अभियान
वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में दिखाई देने वाले सेवा भाव को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी को व्यापक रूप दिया जाएगा।
अभियान के दौरान विभिन्न सेवा गतिविधियों के साथ सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और युवाओं को सेवा, रचनात्मकता तथा नवाचार से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे कई अनूठे कार्यक्रम
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तथा ‘वडनगर से वाराणसी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही ‘सेवा में मेरा योगदान’ के तहत 25 सेवा गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।
25 वर्षों की यात्रा से जुड़ा विशेष संयोग
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि पार्टी प्रत्येक वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाती है। इस बार प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने का महत्वपूर्ण अवसर सामने है।
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और आगामी 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को 25 वर्ष पूरे होंगे। इसी विशेष अवसर को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष सेवा पखवाड़े को व्यापक स्वरूप देते हुए एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्णय लिया गया है।
युवा बनाएंगे सेवा कार्यों की प्रेरक कहानी
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि अभियान में आम नागरिकों और विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। ‘सेवा में मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सेवा गतिविधियों को रील्स एवं अन्य रचनात्मक माध्यमों से साझा कर उन्हें समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम बनाया जा सकता है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से सरकार और लाभार्थियों के बीच प्रभावी संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
गरीब कल्याण और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना लक्ष्य
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की गौरवशाली राजनीतिक यात्रा सेवा और गरीब कल्याण की भावना से जुड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का मूल उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इसी सेवा भावना और जनकल्याण की यात्रा को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
स्थानीय समस्याओं का समाधान खोजेंगे युवा
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर ने बताया कि युवाओं की प्रतिभा और नवाचार क्षमता को मंच देने के लिए ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपने स्थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को पहचानने और रिसर्च एवं इनोवेशन के जरिए उनके समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित की जाएगी। इससे स्थानीय जरूरतों के अनुरूप रचनात्मक एवं नवोन्मेषी समाधान सामने आने की उम्मीद है।
प्रदेशभर में संगठन की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित सेवा संकल्प अभियान के 13 कार्यक्रमों के संयोजक, सह-संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे।
भाजपा के इस एक माह के अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण की यात्रा को जनता से जोड़ने की व्यापक पहल के रूप में देखा जा रहा है। सेवा गतिविधियों के साथ युवाओं की भागीदारी और नवाचार को जोड़कर अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की गई है।







