बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की पहल, 8 सितंबर को होगा स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार
1 min read



‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय की संयुक्त पहल — बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, आहार-विहार पर मार्गदर्शन और योग-प्राणायाम का प्रशिक्षण भी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत एक विशेष आयुर्वेदिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत बच्चों के लिए स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराया जाएगा।
यह विशेष कार्यक्रम 8 सितंबर 2026, मंगलवार को भौम पुष्य नक्षत्र के अवसर पर पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10 एवं 11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा द्वारा आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम के तहत बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स दिए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाने और आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में एक पहल है।
जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए आयोजन
इस कार्यक्रम में जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चे शामिल हो सकेंगे। स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार के साथ बच्चों के स्वास्थ्य का निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण भी किया जाएगा। बच्चों की आयु एवं आवश्यकता के अनुसार उनके लिए उपयोगी आहार-विहार के संबंध में अभिभावकों को विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि बच्चों के दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतों को अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़े।
इसके साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए उन्हें तथा उनके अभिभावकों को उपयोगी योग एवं प्राणायाम की जानकारी एवं निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
हर माह आयोजित हो रहा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
आयोजकों ने बताया कि ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत इस प्रकार का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों को जागरूक करना तथा आयुर्वेद, संतुलित आहार, उचित दिनचर्या और योग-प्राणायाम के महत्व की जानकारी देना है।
कार्यक्रम में बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें अधिक समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए अभिभावक पूर्व निर्धारित समय प्राप्त कर सकते हैं।
स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार एवं कार्यक्रम से संबंधित जानकारी तथा निर्धारित समय प्राप्त करने के लिए 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों ने अधिक से अधिक अभिभावकों से अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हुए इस कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।







