किरण देव के स्वास्थ्य का हाल जानने छत्तीसगढ़ निवास पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जल्द स्वस्थ होने की जताई कामना



आत्मीय मुलाकात में स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ली, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श पर हुई चर्चा; प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति जताया आभार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//रायपुर/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास पहुंचकर छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
छत्तीसगढ़ निवास में हुई इस मुलाकात के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किरण देव से उनके स्वास्थ्य और उपचार को लेकर आत्मीयता से चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों द्वारा दिए जा रहे उपचार एवं परामर्श के संबंध में जानकारी ली और उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किरण देव के शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः सक्रिय रूप से संगठन के बीच लौटने की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात राजनीतिक औपचारिकता से इतर आत्मीय और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ी रही।

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा स्वयं छत्तीसगढ़ निवास पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछे जाने तथा स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करने पर उनका आभार जताया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस आत्मीय व्यवहार को अपने लिए संबल बताया।
संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं किरण देव
स्वास्थ्य संबंधी कारणों के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष किरण देव संगठनात्मक गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और संगठनात्मक विषयों को लेकर वे लगातार मार्गदर्शन देते रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की यह मुलाकात संगठन के भीतर आपसी विश्वास, आत्मीयता और मजबूत नेतृत्व संबंधों को भी दर्शाती है।
इस अवसर पर भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं पारिवारिक सदस्य भी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किरण देव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के स्वास्थ्य को लेकर सकारात्मक माहौल है और सभी उनके जल्द स्वस्थ होकर पुनः कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय होने की कामना कर रहे हैं।







